चंडीगढ़। सेक्टर-37/38 की विभाजित सड़क पर छोटे चौक के पास एक तेज रफ्तार कार की टक्कर से महिला की मौत हो गई। हादसा उस वक्त हुआ, जब महिला अपने बेटे के साथ बाजार जा रही थी। वहीं, कोविड-19 की जांच रिपोर्ट में सेक्टर-38 निवासी मृतक महिला राजकुमारी (55) कोरोना संक्रमित मिली। सेक्टर 39 थाना पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ आईपीसी 304/ए (गैर इरादातन हत्या) के तहत मामला दर्जकर आरोपी कार चालक की पहचान में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार, राजकुमारी सेक्टर-38/सी स्थित मकान नंबर 2550 में परिवार समेत रहती थी। सोमवार को वह बेटे संदीप कुमार के साथ सेक्टर-37 की मार्केट जा रही थी। जब वह सेक्टर-37/38 विभाजित सड़क पर छोटे चौक के पास पहुंची तो मोहाली की तरफ जा एक अज्ञात कार ने जोरदार टक्कर मार दी, जिसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल महिला को जीएमएसएच-16 पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया, जिसके बाद सेक्टर-39 थाना पुलिस ने मृतका के बेटे संदीप कुमार का बयान दर्ज किया। संदीप ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि आरोपी चालक काले रंग की कार में सवार था। पुलिस अब घटनास्थल और आसपास के लाइट प्वाइंट व चौक पर लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगालना शुरू कर दिया है, ताकि आरोपी चालक की पहचान हो सके।
दो कारों में भिड़ंत, चार घायल
उधर, पुलिस को दी शिकायत में अंकुश कुमार ने बताया कि वह रामदरबार फेस एक में रहता है। बीते रविवार को वह अपनी कार में किसी काम से जा रहे थे। सेक्टर-7/26 लाइट प्वाइंट खालसा कॉलेज के पास पहुंचे तो सेलेरियो कार ने जोरदार टक्कर मार दी। इस दौरान वह और उसकी कार में सवार भूपिंदर, करन और सुरेश बुरी तरह जख्मी हो गए, जिसके बाद सभी को जीएमएसएच-16 पहुंचाया गया, जहां वह उपचाराधीन है। शिकायत पर सेक्टर-26 थाना पुलिस ने मनीमाजरा निवासी सुखविंदर सिंह के खिलाफ मामला दर्जकर छानबीन शुरू कर दी है।