चंडीगढ़ में दस दिन पहले ही ठंड ने एंट्री कर ली है, जिसके चलते रात का तापमान काफी गिर गया है। आगे मौसम कैसा रहेगा, इसके बारे में भी भविष्यवाणी की गई है। रात और सुबह के समय ठंड बढ़ गई है। पिछले कुछ दिनों से दिन व रात के तापमान में गिरावट जारी है। दोनों तापमान सामान्य से नीचे आ गए हैं।
रविवार को अधिकतम तापमान 32.5 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया, जो सामान्य से एक डिग्री कम है, जबकि रात का तापमान 17.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से करीब तीन डिग्री कम है। मौसम विभाग के मुताबिक जो ठंड 18 अक्तूबर के आसपास आती थी, इस बार वह दस दिन पहले आ गई है। इस हिसाब से स्वेटर और जैकेट जल्द निकलने के आसार हैं।
दिन के मुकाबले रात के तापमान में ज्यादा गिरावट दर्ज हुई है। चार दिन में अधिकतम तापमान में डेढ़ डिग्री और न्यूनतम तापमान में करीब तीन डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है। बुधवार रात का तापमान 20 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, जो शनिवार की रात को गिरकर 17.2 डिग्री पहुंच गया। वीरवार को अधिकतम तापमान 34 डिग्री दर्ज किया गया, जबकि रविवार को 18.3 डिग्री सेल्सियस। कुल मिलाकर दिन व रात लगातार ठंडे हो रहे हैं।
दस अक्तूबर को और बढ़ेगी ठंड
चंडीगढ़ मौसम विभाग के डायरेक्टर सुरेंद्र पाल ने बताया कि नौ व दस अक्तूबर को पहाड़ी इलाकों में हल्का वेस्टर्न डिस्टरबेंस हैं। इससे हिमाचल व पंजाब के कुछ हिस्सों में बारिश की संभावना है। बारिश से मौसम बदलेगा। चंडीगढ़ में बादल छाएंगे लेकिन बारिश का चांस नहीं है। हालांकि पहाड़ों में बारिश से दिन व रात के तापमान में थोड़ी और गिरावट आएगी। 15 अक्तूबर के आसपास अच्छी खासी ठंड पड़ने के आसार हैं।