शादियों के दौरान शराब परमिट के लिए लोगों को अब धक्केनहीं खाने पड़ेंगे। एक्साइज टैक्सेशन विभाग शराब परमिट की प्रक्रिया सरल बनाने की योजना बना रहा है। वहीं, विभाग शादियों में खाने पर वैट को भी लम-सम करने पर विचार कर रहा है।
आसान होगी परमिट प्रक्रिया
पंजाब के एक्साइज टैक्सेशन कमिश्नर अनुराग वर्मा ने कहा कि विभाग शराब परमिट लेने की प्रक्रिया सरल बनाने जा रहा है, क्योंकि लोग पहले ही समागम में व्यस्त होते हैं, उन्हें बेवजह इसके लिए काफी वक्त बर्बाद करना पड़ता है।
विभाग ऐसी योजना बना रहा है कि या तो एक फीस जमा करके परमिट सुविधा केंद्र से मिल जाए, या फिर विभागीय दफ्तरों में ही इसके लिए अलग विंडो बना दी जाए।
इसी तरह शादियों के दौरान खाने पर वैट को भी लम-सम करने पर विचार किया जा रहा है। जल्द ही डिप्टी सीएम सुखबीर बादल के साथ मीटिंग केबाद इस पर फैसला ले लिया जाएगा।
फीस भी हो सकती है कम
उधर, पंजाब मैरिज पैलेस एसोसिएशन के प्रधान जीएस सिद्धू ने मांग की कि शराब परमिट की प्रक्रिया को सरल बनाने के साथ-साथ इसकी फीस भी कम की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि पंजाब में शराब परमिट की फीस दस हजार रुपये है।
जबकि, चंडीगढ़ में एक हजार और हरियाणा में डेढ़ हजार रुपये फीस है। इसी अनुपात में यहां भी फीस तय की जाए। वहीं, खाने पर वैट एडवांस लिया जाता है, यह गलत है।
समागम के बाद जो बिल बने, उस पर वैट लिया जाना चाहिए। वैट की दर भी अभी तक तय नहीं है, उसे भी तय किया जाना चाहिए।