फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Chandigarh News: हवा की गति धीमी, एक ही स्थान पर बने रहते हैं प्रदूषक कण...इसलिए एक्यूआई 350 के करीब पहुंचा

विज्ञापन
विज्ञापन
चंडीगढ़। शहर में प्रदूषण स्तर तेजी से बढ़ रहा है और स्थिति चिंताजनक होती जा रही है। दिवाली की रात के बाद शनिवार का दिन सबसे प्रदूषित रहा। शहर की हवा पूरे दिन सांस लेने के लिए बेहद खराब रही। कारण है कि सर्दियों में अक्सर हवा की गति भी कम होती है। कम हवा के कारण प्रदूषक कण एक ही स्थान पर बने रहते हैं और फैल नहीं पाते। यह हवा में छोटे कणों की मात्रा को कई गुना बढ़ा देता है, जिससे प्रदूषण का स्तर अत्यधिक बढ़ जाता है। शहर में यही हो रहा है, जिसकी वजह से प्रदूषण बढ़ता जा रहा है।
विज्ञापन

चंडीगढ़ पॉल्यूशन कंट्रोल कमेटी (सीपीसीसी) ने स्थिति पर अपनी पैनी नजर बनाए रखी है। अधिकारियों का कहना है कि प्रदूषण स्तर लगातार बढ़ रहा है और इसके स्वास्थ्य पर पड़ने वाले गंभीर प्रभाव को देखते हुए जल्द ही जरूरी कदम उठाए जा सकते हैं। शहर में सेक्टर-22, 25 और 53 में एयर क्वालिटी मॉनिटरिंग स्टेशन लगे हुए हैं। शनिवार को शाम 6 बजे सेक्टर-22 में एक्यूआई 341, सेक्टर-25 में 318 तो सेक्टर-53 में 342 दर्ज किया गया। जैसे-जैसे रात होती गई, स्थिति और खराब होती रही। रात 11 बजे तक सेक्टर-22 में एक्यूआई 351, सेक्टर-25 में 321 तो सेक्टर-53 में 345 तक पहुंच गया। शाम के समय तो शहर के कई इलाकों में सड़कों पर प्रदूषण की एक परत नजर आई। विशेषज्ञों का कहना है कि प्रदूषण का यह स्तर लंबे समय तक रहने पर स्वास्थ्य पर गंभीर असर डाल सकता है। जहरीली हवा में मौजूद छोटे-छोटे प्रदूषण के कण सांस के माध्यम से फेफड़ों में पहुंच जाते हैं, जिससे सांस लेने में परेशानी, खांसी, गले में जलन और आंखों में खुजली जैसी समस्याएं बढ़ सकती हैं।

जैसे-जैसे बढ़ेगा कोहरा स्थिति होगी खराब
सर्दियों में कोहरा भी होगा, जो प्रदूषण की समस्या को और गंभीर बना देगा। कोहरे में नमी होती है, जो प्रदूषण कणों से मिलकर उन्हें और भारी बना देती है। इसके कारण धुएं और अन्य प्रदूषक कण जमीन के पास अधिक समय तक बने रहते हैं और हवा की गुणवत्ता को और अधिक खराब कर देते हैं। पर्यावरण विभाग के निदेशक टीसी नौटियाल ने बताया कि शहर में प्रदूषण की स्थिति पर नजर रखी जा रही है। पिछले कुछ दिनों में प्रदूषण का स्तर बढ़ा है। प्रदूषण को कम करने के लिए कुछ कदम उठाए जा रहे हैं और जरूरत पड़ने पर बाकियों पर विचार किया जाएगा। बता दें कि दिवाली पर छोड़े गए पटाखों का धुआं, पराली जलाने से उत्पन्न स्मॉग, निर्माण कार्य, वाहन प्रदूषण और उद्योगों से निकलने वाले धुएं ने भी प्रदूषण की समस्या को और बढ़ाया है।
विज्ञापन


सीजन में पारा पहली बार अधिकतम तापमान 28.1 डिग्री तक पहुंचा
चंडीगढ़ मौसम केंद्र के अनुसार शनिवार को शहर का अधिकतम तापमान 28.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह सीजन में पहली बार था, जब पारा 28.1 डिग्री तक पहुंचा। न्यूनतम तापमान 18.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पूरे दिन अच्छी धूप नहीं निकली और सुबह व शाम के समय हल्की धुंध नजर आई। मौसम केंद्र ने अगले तीन दिन ऐसा ही मौसम रहने का पूर्वानुमान जारी किया है। रविवार को दिन साफ रहेगा और धूप निकलेगी। सुबह और शाम को हल्की धुंध की परत भी नजर आएगी। इस दौरान शहर का अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जा सकता है।
विज्ञापन


एक्यूआई का स्तर
समय सेक्टर-22 सेक्टर-25 सेक्टर-53
सुबह 11 बजे 330 308 336
दोपहर 3 बजे 336 315 339
शाम 5 बजे 339 318 341
शाम 6 बजे 341 318 342
रात 11 बजे 351 321 345
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें