मोहाली। वित्त, योजना, कार्यक्रम लागूकरण, आबकारी और कराधान मंत्री एडवोकेट हरपाल सिंह चीमा ने टैक्स इंटेलिजेंस यूनिट की ओर से राज्य के जीएसटी अधिकारियों के लिए विकसित टैक्स इंटेलिजेंस पोर्टल लॉन्च किया। इस मौके पर उन्होंने कराधान विभाग की आठ इनोवा कारों को भी झंडी देकर रवाना भी किया। इस दौरान चीमा ने कहा कि जल्द 42 और गाड़ियां दी जाएंगी। चीमा ने कहा कि यह पोर्टल राज्य के कराधान अधिकारियों को अपने अधिकार क्षेत्र में कर वसूली और कर पालन का विश्लेषण और निगरानी करने में मदद करेगा। वहीं, यह सिस्टम डिफॉल्टरों और टैक्स चोरी करने वालों की पहचान भी करेगा। इससे अधिकारियों को उन्हें पकड़ने में आसानी होगी। इसके साथ ही इस पोर्टल के द्वारा उपलब्ध अलग-अलग डेटा के प्रभावशाली विश्लेषण, करदाताओं द्वारा पालना, वापसियों की तस्दीक में बेहतर जांच, ऑडिट प्रक्रियाओं में आसानी, पूरी सप्लाई चेन का विश्लेषण, रिटर्न डिफॉल्टरों की लाइव निगरानी और देरी से कर अदा करने वालों के बारे में भी पता चल सकेगा। इस मौके पर वित्त कमिश्नर कराधान विकास प्रताप, कराधान कमिश्नर कमल किशोर यादव, आबकारी कमिश्नर वरुण रूजम, अतिरिक्त कमिश्नर-1 विराज एस. तिड़के, डायरेक्टर इन्वेस्टिगेशन तेजवीर सिंह सिद्धू भी उपस्थित थे।