कहा, सभी जिलों में पैट केयर सेंटर खोलने की संभावनाओं को भी तलाशें अधिकारी
पशु पालन एवं डेयरी मंत्री ने विभाग के अधिकारियों की बैठक की अध्यक्षता की
चंडीगढ़। कृषि एवं पशु पालन मंत्री कंवर पाल ने कहा कि प्रदेश के प्रत्येक जिले में विभाग की ओर से कम से कम एक गौशाला को गायों की नस्ल सुधारने के लिए गोद लिया जाए, ताकि प्रदेश में फिर से दूध की मात्रा में बढ़ोतरी हो सके। उन्होंने पंचकूला में स्थित पैट एनिमल मेडिकल सेंटर (पीएएमसी) की तर्ज पर सभी जिलों में 1-1 पैट केयर सेंटर खोलने की संभावनाओं को भी तलाशने के निर्देश दिए, ताकि वहां पर बीमार एवं घायल पालतू जानवरों के अलावा पक्षियों का भी समुचित उपचार किया जा सके। कंवर पाल ने सभी पशु चिकित्सा संस्थानों में पीने के शुद्ध पानी के लिए आरओ, बिजली की हर समय उपलब्धता के लिए इन्वर्टर, रिकॉर्ड के रख रखाव के लिए कंप्यूटर और आवश्यकता के अनुसार स्टेशनरी का सामान खरीदने के निर्देश दिए। उन्होंने पशु चिकित्सा संस्थानों के नए भवनों के लिए जमीनों की शर्तों में आवश्यक संशोधन करने और सिविल कार्यों के लिए सिविल डिपार्टमेंट विंग का गठन करने की दिशा में भी उचित कदम उठाने के निर्देश दिए।