रोडवेज कर्मचारी सांझा मोर्चा की परिवहन मंत्री के साथ हुई बैठक
चंडीगढ़। परिवहन मंत्री असीम गोयल ने कहा कि रोडवेज कर्मचारियों की सभी जायज़ मांगों को पूरा किया जाएगा। पदोन्नति और दैनिक भत्तों में बढ़ोतरी के मामलों को सकारात्मक तरीके से निपटाया जाएगा। असीम गोयल बुधवार को यहां हरियाणा रोडवेज कर्मचारी सांझा मोर्चा के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर रहे थे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव वी. उमाशंकर, परिवहन विभाग के प्रधान सचिव नवदीप सिंह विर्क, निदेशक सुजान सिंह, आयुक्त यशेंद्र सिंह सहित विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे। परिवहन मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन कर्मचारियों की पदोन्नति लंबित है। उनको जल्द से जल्द इसका लाभ दिया जाए। उन्होंने विभाग के चालक व परिचालकों के रात्रि ठहराव को लेकर एक महीने में देय दैनिक भत्ते के दिनों की अधिकतम सीमा बढ़ाने का भी आश्वासन दिया। असीम गोयल ने कर्मचारियों के अर्जित अवकाश बढ़ान, पे ग्रेड में बढ़ोतरी, ओवरटाइम में वृद्धि समेत अन्य मुद्दों पर भी चर्चा की और आश्वासन दिया कि विभागीय जांच पड़ताल के दौरान जो भी मुद्दे जायज़ पाए गए। उन सभी पर जल्द से जल्द कार्रवाई की जाएगी।