-नाभा जेल में मजीठिया से मुलाकात के बाद कहा- सुरक्षा के नाम पर उन्हें 24 घंटे अलग रखा जा रहा
-
अमर उजाला ब्यूरो
पटियाला। पूर्व कैबिनेट मंत्री बिक्रम सिंह मजीठिया से मुलाकात के लिए उनकी पत्नी व विधायक गनीव कौर वीरवार को नाभा जेल पहुंचीं। करीब आधे घंटे चली मुलाकात के बाद गनीव कौर ने पंजाब सरकार और जेल प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि अगर जेल के अंदर मजीठिया को कोई नुकसान होता है तो इसकी सीधी जिम्मेदारी पंजाब सरकार, डीजीपी, एडीजीपी जेल और संबंधित जेल अधिकारियों की होगी।
गनीव कौर ने आरोप लगाया कि सरकार ने सभी मौलिक अधिकारों और मानवाधिकारों का उल्लंघन किया है। उन्होंने कहा कि पंजाब की जेलों में पहले भी कई हत्याएं हो चुकी हैं और सिद्धू मूसेवाला की हत्या सुरक्षा वापस लेने के कारण हुई थी। ऐसे में मजीठिया की सुरक्षा को लेकर उन्हें गहरी चिंता है। बब्बर इंटरनेशनल से मजीठिया को मिली कथित धमकी के सवाल पर उन्होंने कहा कि सरकार को इस मामले को गंभीरता से लेना चाहिए। हाईकोर्ट की ओर से नोटिस लिए जाने पर उन्होंने अदालत का आभार भी जताया।
गनीव कौर ने कहा कि सुरक्षा के नाम पर मजीठिया को 24 घंटे अलग-थलग रखा जा रहा है। जेल के भीतर उनके लिए अलग जेल जैसी व्यवस्था बना दी गई है। बावजूद इसके मजीठिया का मनोबल मजबूत है और वह सरकार से डरने वाले नहीं हैं। उन्होंने बताया कि मजीठिया महीनों से अपने बच्चों से भी नहीं मिल सके हैं, फिर भी वह पूरी तरह चढ़दी कला में हैं।
वकील का आरोप- मजीठिया पर कैमरों से रखी जा रही नजर
इस मौके पर मजीठिया के वकील डीएस सोबती ने आरोप लगाया कि जेल में मजीठिया पर कैमरों के जरिये लगातार नजर रखी जा रही है और यह सब आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल को खुश करने के लिए किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पहले मजीठिया को परिवार से मिलने से भी रोका गया। वहीं जेल प्रशासन ने सभी आरोपों को खारिज किया है। अधिकारियों का कहना है कि जेल नियमों का पूरी तरह पालन किया जा रहा है, मजीठिया सुरक्षित और स्वस्थ हैं तथा अलग बैरक की मांग स्वयं मजीठिया की ओर से की गई थी।