मनीमाजरा। मॉडर्न कांप्लेक्स के पास राजीव विहार आर्मी सोसायटी में रहने वाले पूर्व भारतीय सैनिक मूलभूत सुविधाओं के लिए तरस रहे हैं। इस सोसायटी में सेना के पूर्व जरनल, पूर्व ब्रिगेडियर बीएम बक्शी सहित कई बड़े अधिकारी रहते है। इसके बावजूद चंडीगढ़ प्रशासन और नगर निगम इस सोसायटी की न सड़क बना रहा और न ही अन्य सुविधाएं दे रहा है। और तो और पिछले 20 से 25 साल से पेड़ों की छंटनी तक नहीं हुई है।
राजीव विहार वेलफेयर एसोसिएशन के प्रधान कर्नल (रिटायर्ड) गुरइंद्र सिंह ढिल्लो का कहना कि वह सोसायटी में इन सुविधा की मांग को लेकर चंडीगढ़ के सांसद, प्रशासक से सलाहकार और नगर निगम की कमिश्नर से लेकर मेयर तक को गुहार लगा चुके हैं, लेकिन कोई उनकी बात सुनने को तैयार नही है। आर्मी की इस सोसायटी में 305 छोटे बड़े फ्लैट हैं। इनमें उन लोगों का परिवार रहता है जिन्होंने बॉर्डर पर जंग लड़कर देश की रक्षा की है। उन्होंने कहा कि सैनिकों के साथ प्रशासन और नगर निगम का यह रवैया समझ से परे है। सोसायटी में रहने वाले सुभाष छिबर ने बताया कि वे यहां पर 2000 से रह रहे हैं। 22 साल बीतने को है, उसके बाद भी आज तक प्रशासन या निगम ने सोसायटी के अंदर की सड़कों नहीं बनाया है। वहीं प्रधान कर्नल गुरइंद्र सिंह का कहना कि नगर निगम की मेयर उनकी वार्ड की पार्षद भी हैं। वह कई बार उनको मिलकर अपने मेयर या वार्ड फंड से ही सड़क आदि बनाने की मांग कर चुके हैं, लेकिन उसके बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हो रही है।
कोट
सोसायटी नियमों के चलते किसी भी सोसायटी के अंदर का काम खुद सोसायटी की एसोसिएशन को करना होता है। इसके बावजूद इस सोसायटी के अंदर का काम करने के लिए एमपी फंड से पैसा पास करवा दिया है। उसकी प्रक्रिया लगभग पूरी हो चुकी है। जल्द ही काम शुरू कर दिया जाएगा।
-सरबजीत कौर, मेयर नगर निगम