चंडीगढ़। कोरोना के कर्फ्यू के बीच चंडीगढ़ में तेंदुए की दहशत बरकरार है। 48 घंटे बाद भी वन विभाग तेंदुए को नहीं पकड़ पाया है। हालांकि वन विभाग ने दावा किया है कि संभावित स्थान पर तेंदुए को पकड़ने के लिए एनीमल ट्रैप लगाया गया है। साथ ही वन विभाग के कर्मचारी हैंड स्टिक के जरिए तेंदुए की तलाश कर रहे हैं।
आपको बता दें कि सोमवार की सुबह शहर के पॉश इलाकों में शुमार सेक्टर-5 में सुबह कोठी नंबर-50 और 68 में देखा गया था। हालांकि वन विभाग और चंडीगढ़ पुलिस की टीम ने संयुक्त अभियान के दौरान उसे कड़ी मशक्कत के बाद ट्रेंकुलाइज कर काबू कर लिया था। बेहोश हुए तेंदुए को वन विभाग की टीम ने देर रात जंगलों में छोड़ दिया था।
इस घटना के महज कुछ घंटों बाद मंगलवार को फिर सेक्टर - 34, 44 और 45 में तेंदुआ देखा गया था। इसकी सूचना मिलते ही वन विभाग और चंडीगढ़ पुलिस के जवान सतर्क हो गए और तेंदुए की तलाश में जुट गए। 48 घंटे बीत जाने के बाद भी वन विभाग अभी तक तेंदुए की तलाश नहीं कर पाया है। हालांकि वन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि तेंदुए को पकड़ने के लिए एनीमल ट्रैप लगाया गया है। साथ ही वन विभाग के कर्मचारियों के द्वारा मैनुअली हैंड स्टिक के जरिए संभावित स्थानों पर तेंदुए की चेकिंग की जा रही है।
बॉक्स ..
दहशत से तीन सेक्टरों में पसरा सन्नाटा
कोरोना के कर्फ्यू के बीच सेक्टर- 34, 44 और 45 में तेंदुए की खबर से लोग घरों में कैद होकर रह गए हैं। तीनों सेक्टरों में सन्नाटा पसरा हुआ है। सड़कों पर तेंदुए की तलाश में सिर्फ वन विभाग के कर्मचारी और चंडीगढ़ पुलिस के जवान वाहनों के साथ घूम रहे हैं।
ड्रोन और सीसीटीवी से ले रहे हैं लोकेशन
सेक्टर-34, 44 और 45 के रूट पर तेंदुए को तलाशने के लिए वन विभाग और चंडीगढ़ पुलिस की टीम तेंदुए की तलाश के लिए अलग अलग प्रयास कर रही हैं। तेंदुए की सही लोकेशन के लिए पुलिस ड्रोन का प्रयोग कर रही है। वन विभाग लोगों के घरों में लगे और सड़कों पर लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।
गश्त दलों की संख्या को बढ़ाया
तेंदुए को लेकर लोगों को सतर्क रहने की आवश्यकता है। तेंदुए को पकड़ने के लिए गश्त दलों की संख्या को बढ़ाया गया है। एनीमल ट्रैप भी संभावित स्थान पर लगाया गया है। जल्द ही तेंदुआ शिकंजे में होगा।
डॉ. अब्दुल कय्यूम, आईएफएस, वन विभाग, चंडीगढ़