चंडीगढ़। सेक्टर-20 निवासी एक व्यक्ति ने अपने 17 साल के बेटे को मोबाइल देखने से मना किया तो बेटा गुस्से में घर छोड़कर चला गया। पांच दिन बीत जाने के बाद भी किशोर घर वापस नहीं आया। पिता ने बेटे के लापता होने की शिकायत पुलिस को दी है। सेक्टर-19 थाना पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
अनिल कुमार यादव ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनका 17 साल का बेटा 15 अप्रैल को रात के समय मोबाइल में चैट कर रह था। उन्होंने अपने बेटे को ऐसा करने से मना किया और समझाया कि देर रात तक मोबाइल देखना गलत है। इसी बात से गुस्सा होकर उनका बेटा रात को घर की बाहर से कुंडी लगाकर चला गया। इसके बाद वह अब तक घर नहीं आया। उन्होंने जानकार और रिश्तेदारों के यहां पता किया, लेकिन उसके बारे में कुछ पता नहीं चला। अनिल ने पुलिस को बताया कि उनके बेटे को कोई बहला-फुसलाकर न ले जाए। पुलिस किशोर की तलाश में आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही है।