चंडीगढ़। सेक्टर-26 स्थित मंडी में बुधवार को यूटी प्रशासन ने अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की थी। इस दौरान सड़कों से अतिक्रमण हटाया गया और कई जगहों पर साफ-सफाई करवाई गई थी लेकिन इसका असर महज एक दिन ही दिखा। वीरवार को मंडी का हाल थोड़ा सुधरा नजर आया लेकिन कई जगह गंदगी के ढेर और कई दुकानों के बाहर कब्जा नजर आया।
मंडी के अंदर जगह-जगह सड़ी-गली सब्जियों और फलों का कचरा पड़ा मिला जिससे बदबू फैल रही थी। खरीदारों और स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। बुधवार की कार्रवाई के बाद कुछ ठेले और छोटी दुकानें जरूर दूसरी जगह शिफ्ट हो गईं लेकिन बड़े शोरूम में चलने वाले करियाने की दुकानों की तरफ तरफ से किए गए 30-40 फीट तक के कब्जों में कोई कमी नहीं आई। वीरवार को दुकानों के आगे कई फीट तक बाहर दुकानों का सामान पड़ा रहा। वहां दुकानदारों की तरफ से थड़े बनाए गए हैं जहां रोजाना सामान रखा जाता है। यह कब्जा भी किसी एक शोरूम ने नहीं बल्कि वर्षों से लगभग सभी ने किया हुआ है। मंडी के कई लोगों ने कहा कि प्रशासन के अधिकारियों की भी इस ओर नजर नहीं पड़ती है। वह शुरू के कुछ दुकानों पर कार्रवाई कर चले जाते हैं।
वैकल्पिक जगह मुहैया कराई जाए
कुछ दुकानदारों का आरोप है कि प्रशासन की कार्रवाई सिर्फ दिखावा है जिसका असर दो दिन से ज्यादा नहीं रहता। मंडी में काम करने वाले एक छोटे दुकानदार रवि ने कहा कि मंडी में जगह की कमी के कारण वे मजबूरी में सड़क पर सामान रखते हैं। कहा कि मंडी का स्थायी समाधान निकाला जाए। नियमित सफाई और सख्त निगरानी के साथ ही दुकानदारों को वैकल्पिक जगह मुहैया कराई जाए ताकि मंडी हर बार गंदगी और अतिक्रमण का अड्डा न बने।