आठ साल का छात्र खेलता था फ्री फायर, डेढ़ महीने पहले परिजनों ने बंद कर दिया था मोबाइल मनोचिकित्सक की भी ली जा रही राय
माई सिटी रिपोर्टर
पंचकूला। सरकारी स्कूल में छह साल की बच्ची पर आठ साल के छात्र के हमले ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। आखिर बच्चे के व्यवहार में ऐसा क्या बदलाव आया कि उसने इतनी गंभीर घटना को अंजाम दिया? पुलिस अब उसके मोबाइल गेमिंग, पारिवारिक माहौल और दिनचर्या तक की पड़ताल कर रही है। सामने आया है कि बच्चा मोबाइल पर फ्री फायर गेम खेलता था, लेकिन करीब डेढ़ महीने पहले परिजनों ने उसे मोबाइल देना बंद कर दिया था।
पुलिस यह पता लगा रही है कि घटना से पहले उसके व्यवहार में कोई बदलाव आया था या नहीं। स्कूल में दूसरे बच्चों के साथ उसके बर्ताव और घर के माहौल की जानकारी भी जुटाई जा रही है। पड़ोसियों का कहना है कि बच्चा सामान्य स्वभाव का था और गली में दूसरे बच्चों के साथ खेलता था। उन्होंने पहले कभी उसमें आक्रामकता नहीं देखी। हालांकि, मोबाइल गेम और घटना के बीच फिलहाल कोई संबंध प्रमाणित नहीं हुआ है। मनोचिकित्सक से उसके व्यवहार का आकलन कराया जा रहा है।
जुवेनाइल जस्टिस बोर्ड से ली जा रही राय
पंचकूला की डीसीपी अदिति सिंह ने बताया कि स्कूल प्रबंधन के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच की जा रही है। आठ साल के छात्र के संबंध में जुवेनाइल जस्टिस बोर्ड से राय मांगी जा रही है। आगे की कार्रवाई नियमानुसार तय होगी।