चंडीगढ़। पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी के चलते सिटी ब्यूटीफुल में ठंड का जबरदस्त कहर शुरू हो गया है। मौसम विभाग के अनुसार, बुधवार का दिन इस सीजन का सबसे ठंडा दिन रहा है। दिन में कुछ समय के लिए हल्की धूप के दर्शन जरूर हुए लेकिन लोगों को सर्दी से राहत नहीं मिली। मौसम विभाग के अनुसार अधिकतम तापमान 11.4 डिग्री सेल्सियस तो न्यूनतम 8.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
धुंध होने की वजह से सुबह के वक्त विजिबिलिटी (दृश्यता) काफी कम दर्ज की गई। बुधवार सुबह साढ़े पांच बजे दृश्यता 100 मीटर से भी कम थी जबकि साढ़े आठ बजे 150 मीटर। हालांकि उसके बाद विजिबिलिटी बढ़ती गई लेकिन तापमान में कोई बदलाव नहीं हुआ। धूप न निकलने से लोगों को ठंड का अहसास भी ज्यादा हुआ। मौसम विभाग की ओर से बताया गया है कि अगले तीन दिन धुंध से फिलहाल राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। ठंड इसी तरह से जारी रहेगी। विजिबिलिटी 50 मीटर से भी कम दर्ज की जा सकती है। 20 दिसंबर से इसमें कुछ सुधार देखने को मिल सकता है। 22 दिसंबर के आसपास एक वेस्टर्न डिस्टरबेंस आएगा, लेकिन वह कमजोर है। हल्की बारिश की संभावना है। यदि बारिश होती है तो धुंध छंट जाएगी।