हरियाणा के विभिन्न हिस्सों में शनिवार को भी हुई झमाझम बारिश से धान की फसल को संजीवनी मिल गई। बीते 24 घंटे में गुड़गांव, फरीदाबाद, सोनीपत, बहादुरगढ़, चंडीगढ़, भिवानी समेत कई जगहों पर अच्छी बारिश हुई। हालांकि जलभराव से जगह-जगह लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। मौसम विभाग ने मानसून के लगातार सक्रिय होने से 31 जुलाई तक प्रदेश में कहीं हल्की तो कहीं मध्यम बारिश की संभावना जताई है।
मौसम विभाग के मुताबिक हरियाणा में कई दिनों से लगातार बारिश होने से सीजन में अब सामान्य से 24 प्रतिशत ही बारिश की कमी रह गई है। शनिवार को दिल्ली से सटे इलाकों में झमाझम बारिश हुई। अच्छी बारिश होने से किसानों के चेहरे खिल गए हैं।
उन्हें इस बार धान की बेहतर फसल की उम्मीद है। लगातार बारिश से नारनौल समेत कई शहरों का अधिकतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री सेल्सियस नीचे चला गया है। रात का तापमान भी सामान्य से तीन डिग्री नीचे दर्ज किया गया है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक 28 जुलाई को राज्य में कई जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इस क्रम में 29-30 जुलाई को भी छिटपुट बारिश की संभावना है। 31 जुलाई को खासकर उत्तरी हरियाणा में अच्छी बारिश की संभावना जताई गई है।
कहां कितनी बारिश (मिमी में)
गुड़गांव- 52
चंडीगढ़- 27.3
फरीदाबाद-16.0
भिवानी- 15.4
कुरुक्षेत्र- 15.0
रोहतक- 10.8