पटियाला में गुरुवार को सीजन की अब तक सबसे ज्यादा बारिश हुई। मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार को 195 एमएम बारिश दर्ज की गई। मेयर संजीव शर्मा बिट्टू और डिप्टी मेयर योगिंदर सिंह योगी के अपने वार्ड में भी बाढ़ जैसे हालात हो गए।
मौसम विभाग ने शुक्रवार को भी बारिश होने की संभावना जताई है। बारिश से किताबों वाला बाजार, सरहंदी बाजार, राघोमाजरा, त्रिपड़ी, गुरबख्श कालोनी, माडल टाउन, अनारदाना चौक, लाहौरी गेट, तोपखाना मोड़, एसी मार्केट समेत सारे शहर में पानी भरा नजर आ रहा था।
लोगों ने रोष जताया कि निगम अधिकारियों ने जैकेब व अन्य ड्रेनों की सफाई नहीं कराई। ऊपर से नालों को कवर कर दिया। इससे निचले इलाकों कड़ाह वाला चौक, समानिया गेट के पास, आर्य समाज, किताबों वाला बाजार, दो पार्क के नजदीक, पुरानी कबाड़ी मार्केट, मोदी कालेज चौक, कोर्ट कांप्लेक्स के बाहर, नाभा गेट, धोब घाट में पानी ही पानी दिखाई दिया। यहां तक कि कई स्कूलों व सरकारी विभागों में घुटनों तक पानी भरा रहा।
ऑपरेशन थियेटरों में घुसा पानी
सरकारी राजिंदरा अस्पताल में भी घुटनों तक पानी इकट्ठा हो गया। अस्पताल के प्रमुख चार ऑपरेशन थियेटरों में पानी घुस गया। चार थियेटरों में गुरुवार को 12 से अधिक ऑपरेशन होने थे जो नहीं हो सके। अस्पताल में बारिश का पानी घुसने से इंफ्केशन का भी खतरा हो गया है।