चंडीगढ़। मौसम के खराब मिजाज को देखते हुए शहर में कनक (गेहूं) की खरीद का समय बढ़ा दिया गया है। मार्केट कमेटी की ओर से निर्णय लिया गया है कि करीब तीन हफ्ते और कनक की खरीद जारी रहेगी। कमेटी का कहना है कि खराब मौसम के कारण कई किसान अपनी फसल की कटाई तक नहीं कर पाए हैं। मौसम का साथ मिलते ही खेतों की फसल मंडी पहुंच जाएगी।
आपको बता दें कि अप्रैल माह समाप्ति की ओर है। सामान्य तौर पर अप्रैल तक कनक की कटाई और खरीद का कार्य 90 फीसदी तक पूरा कर लिया जाता है, लेकिन इस वर्ष मौसम का मिजाज लगातार बदलता रहा है, जिसके कारण कनक की बुआई करने वाले किसानों को बेहद परेशानी से रूबरू होना पड़ रहा है। किसानों की इस परेशानी को देखते हुए यूटी में कनक की खरीद अभी तीन हफ्ते और जारी रहेगी। मार्केट कमेटी के अधिकारियों का कहना है कि खराब मौसम के कारण कनक की कटाई में किसानों को परेशानी हो रही है। कुछ किसानों के द्वारा कनक की कटाई कर ली गई है और कुछ किसानों का कनक या तो खेत में या घरों में रखा हुआ है।
50 हजार क्विंटल गेहूं की खरीद पूरी
अब तक यूटी में 50 हजार क्विंटल गेहूं की खरीद की जा चुकी है। इस बार यूटी में 1.5 लाख क्विंटल खरीद का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। 20-22 दिनों में एक लाख क्विंटल कनक की खरीद का काम पूरा कर लिया जाएगा। कनक की खरीद के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य 1925 रुपये निर्धारित किया गया है।