चंडीगढ़ में कोहरे में सुखना लेक में बोटिंग करते लोग
- फोटो : अमर उजाला
चंडीगढ़ में ठंड का प्रकोप जारी है। शहरवासियों को सर्दी से फिलहाल राहत नहीं मिलने वाली है। शुक्रवार को भी पूरा शहर सर्दी से कांपता रहा। चंडीगढ़ मौसम केंद्र ने अगले कुछ दिन तक कोहरा और हल्के बादल छाने का पूर्वानुमान जारी किया है। दिन के समय में हल्की धूप निकल सकती है लेकिन शाम को चलने वाली ठंडी हवाओं की वजह से शहर के अधिकतम तापमान पर ज्यादा असर नहीं पड़ेगा।
पिछले कई दिनों से शहर का अधिकतम तापमान सामान्य से पांच-छह डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया जा रहा है। गुरुवार को दिन के समय में थोड़ी देर के लिए धूप निकली, जिसका असर शहर के तापमान पर भी देखने को मिला और अधिकतम तापमान बुधवार के मुकाबले 1.2 डिग्री ज्यादा दर्ज किया गया लेकिन शाम को फिर ठंडी हवाएं चलने लगी, जिसकी वजह से लोगों को काफी ठंड महसूस हुई।
ज्यादा सर्दी पड़ने की वजह से लोगों के हाथ और पैर सुन्न हो रहे हैं। सर्दी से बचने के लिए लोग अलाव और हीटर का सहारा ले रहे हैं। मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार को शहर का अधिकतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से छह डिग्री कम रहा। शहर का न्यूनतम तापमान 6.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से एक डिग्री कम रहा।
दिन में छा सकते हैं बादल, हल्के कोहरे की चेतावनी
मौसम विभाग के अनुसार अभी शहर का अधिकतम तापमान सामान्य से चार-पांच डिग्री सेल्सियस कम रहेगा। कोहरा लोगों की परेशानी बढ़ा सकता है। दिन के समय में थोड़ी देर के लिए हल्के बादल छा सकते हैं। हालांकि कुछ देर के लिए धूप खिलने की भी संभावना है। सर्दी काफी ज्यादा रहेगी और शाम के समय सर्द हवाएं चल सकती हैं।
अगले चार दिन का तापमान
तारीख अधिकतम तापमान न्यूनतम तापमान
13 जनवरी 14 6
14 जनवरी 15 6
15 जनवरी 15 8
16 जनवरी 16 7