फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Chandigarh News: 4 इंच हील्स पहन मंच पर बिखेर रहे जलवा, जैज डांस से बना रहे नई पहचान

विज्ञापन
विज्ञापन

विज्ञापन
चंडीगढ़। साढ़े तीन से चार इंच ऊंची हील्स पहनकर जब चंडीगढ़ के कुछ युवा मंच पर जैज डांस की प्रस्तुति देते हैं तो दर्शक हैरान रह जाते हैं। कभी तानों और आलोचनाओं का सामना करने वाले ये लड़के आज अपने हुनर के दम पर अलग पहचान बना रहे हैं। हाउस ऑफ ब्रदर्स नाम का यह डांस ग्रुप केवल डांस नहीं कर रहा बल्कि समाज की सोच को भी बदलने की कोशिश में जुटा है।
23 से 24 वर्ष की उम्र के इन युवाओं ने सेक्टर-28 के एक पार्क से अपने सफर की शुरुआत की थी। इनका सपना कुछ अलग करने का था और इसी सोच ने इन्हें हील्स पहनकर जैज डांस की राह पर ला खड़ा किया। यह डांस जितना आकर्षक दिखाई देता है, उतना ही कठिन भी है। ऊंची हील्स में शरीर का संतुलन बनाए रखना आसान नहीं होता। जरा सी चूक गंभीर चोट का कारण बन सकती है। यही वजह है कि ग्रुप के सदस्य रोजाना घंटों अभ्यास करते हैं। स्ट्रेचिंग, फिटनेस ट्रेनिंग और जिम उनकी दिनचर्या का हिस्सा बन चुके हैं।
विज्ञापन

ग्रुप में मलोया के जुगल, बड़ैल के सौरभ, बापूधाम के जतिन, नितिश, बीरू सैनी और जोहनसन शामिल हैं। कोई जुम्बा टीचर है तो कोई डांस प्रशिक्षक, कोई कॉरपोरेट इवेंट्स में प्रस्तुति देता है तो कोई म्यूजिक वीडियोज में बैकग्राउंड डांसर के रूप में काम करता है। जोहनसन क्लब में नौकरी करते हैं और परिवार में कमाने वाले इकलौते सदस्य हैं। आर्थिक जिम्मेदारियों और पारिवारिक दबाव के बावजूद इन युवाओं ने अपने सपनों को टूटने नहीं दिया।
शुरुआती दौर आसान नहीं था। परिवारों को हील्स पहनकर डांस करना पसंद नहीं था। समाज के लोग मजाक उड़ाते थे और कई बार अपमानजनक टिप्पणियां भी सुननी पड़ती थीं। मगर इन युवाओं ने हार नहीं मानी। धीरे-धीरे बड़े मंचों पर इनके प्रदर्शन की चर्चा होने लगी और लोगों की सोच भी बदलती गई। आज वही परिवार, जो कभी इनके फैसले के खिलाफ था, इनकी सबसे बड़ी ताकत बनकर साथ खड़ा है।

इंडियाज गॉट टैलेंट में ग्रुप ले चुका है हिस्सा
ग्रुप का कहना है कि उनके लिए यह केवल डांस नहीं बल्कि आत्मविश्वास, अभिव्यक्ति और मेहनत की पहचान है। वे मानते हैं कि कला की कोई सीमा नहीं होती और उसे लड़का या लड़की जैसे दायरों में बांधकर नहीं देखा जाना चाहिए। हाउस ऑफ ब्रदर्स को वर्ष 2023 में राष्ट्रीय पहचान तब मिली, जब उन्होंने रियलिटी शो इंडियाज गॉट टैलेंट में हिस्सा लिया। वहां उनके अनोखे डांस स्टाइल ने लोगों का ध्यान खींचा और सोशल मीडिया पर भी उनकी खूब चर्चा हुई।
विज्ञापन

डांस फॉर्म को अंतरराष्ट्रीय मंच तक ले जाने का सपना
अब इन युवाओं का सपना केवल चंडीगढ़ या देश तक सीमित नहीं है। वे अपने जैज डांस फॉर्म को अंतरराष्ट्रीय मंच तक ले जाना चाहते हैं। उनका मानना है कि अगर मेहनत और आत्मविश्वास हो तो कोई भी सपना छोटा नहीं होता। चंडीगढ़ के ये युवा आज नई पीढ़ी को यही संदेश दे रहे हैं कि अलग राह चुनने का साहस ही असली पहचान बनाता है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें