नियुक्ति की मांग को लेकर मोबाईल टावर पर चढ़े शिक्षकों के मामले में स्वयं संज्ञान याचिका पर सुनवाई के दौरान पंजाब सरकार ने बताया कि भर्ती के दौरान जो रिजर्व पद रिक्त रह गए हैं उन्हें समान्य में तब्दील करने की प्रक्रिया आरंभ कर दी गई है।
इस प्रक्रिया को पूरा करने के लिए उन्हें 31 मार्च तक का समय दिया जाए। इसपर हाईकोर्ट ने कहा कि पंजाब सरकार इस बारे में अंडर टेकिंग दे। इसपर हाईकोर्ट ने शिक्षकों के प्रतिनिधि से कहा कि अब टावर पर चढ़े शिक्षकों को नीचे आने के लिए कह दिया जाए।
जब शिक्षकों की ओर से कहा गया कि उन्हें नियुक्ति देने के बाद ही वे नीचे उतरेंगे तो हाईकोर्ट ने कहा कि हर नागरिक की जान हमारे लिए अहम है लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि ब्लैकमेल सहा जाएगा।
हालांकि कोर्ट ने शिक्षकों को दो वकील मुहैया करवाते हुए मंगलवार को दोबारा सुनवाई करने का निर्णय लिया है। सोमवार को सुनवाई आरंभ होते ही हाईकोर्ट ने पंजाब सरकार से रिक्त पदों को लेकर जवाब तलब किया।
इसपर पंजाब सरकार की ओर से बताया गया कि जो 4500 पदों पर भर्ती निकाली गई थी उसमें से रिजर्व क्षेणी के पद रिक्त रह गए हैं। इन पदों को भरने के लिए इन्हें सामान्य में तब्दील करने का फैसला लिया गया है।
इस फैसले को अमली जामा पहनाने के लिए संबंधित विभागों से मंजूरी लेनी होगी। एक्स सर्विसमैन, पिछड़ा वर्ग और खेल कोटे की सीटों के लिए संबंधित विभाग को लिखा गया है और इस सब प्रक्रिया में कुछ समय लगेगा।