जीरकपुर। शहर में हर तरफ पानी ही पानी नजर आ रहा है। इसका कारण यह है कि पिछले दो दिन से बरसात पड़ रही है और अभी एक दो दिन और मौसम ऐसे ही रहने की संभावना है।
बरसाती पानी की निकासी यह ढंग से न होने के कारण पानी सड़कों पर भर गया है। शहर में सीवरेज व ड्रेन की व्यवस्था पूरी न होने के कारण शहर का यह हाल है। शहर में बहुत सारी जगह ऐसी हैं जहां सीवरेज में ही ड्रेनेज का पानी डाला हुआ है और मैनहोल खुले होने के कारण प्लास्टिक वेस्ट इन लाइन में फंस गया है। इस कारण लाइन ब्लॉक हो गई है और पानी सड़कों पर भरना शुरू हो गया है जिस कारण शहर में हर तरफ पानी ही पानी नजर आ रहा है। वीआईपी रोड की सड़कों पर हर तरफ इतना पानी है कि सड़क ने नदियों का रूप धारण कर लिया है। गाड़ियां पानी में ऐसे तैर रही हैं मानो किसी नदी में किश्ती चल रही हो।
पटियाला रोड जीरकपुर मार्केट, पभात रोड, गाजीपुर रोड, किशनपूरा रोड, पीरमुछल्ला क्षेत्र में हर तरफ पानी भरा हुआ है। स्थानीय लोगों का कहना है कि नगर परिषद हर बार बरसाती पानी कि निकासी का इंतजाम करने में विफल साबित होती है। इस बार तो मौसम विभाग ने काफी पहले ही बरसात की चेतावनी दे दी थी लेकिन फिर भी नगर परिषद इसका कोई रास्ता नही निकाल पाई।
बरसात के कारण पूरा दिन बनी रही जाम की स्थिति, रेंग-रेंग कर चलते रहे वाहन
पिछले दो दिन से हो रही बरसात के कारण सड़कों पर पानी भरने से वाहनों की रफ्तार थम गई है। इस कारण शहर में बुधवार को पूरा दिन जाम की स्थिति बनी रही। हालांकि ट्रैफिक पुलिस यातायात व्यवस्था को सुलझाने में लगी रही। इसके बावजूद वाहन धीमी गति से चलते रहे। लोगों को जो रास्ता दस से पंद्रह मिनट में करना था उसे पार करने में एक से दो घंटे लग गए। इस कारण लोगों को भारी परेशानी झेलनी पड़ी।
कोट्स...
शहर में ड्रेन पुराने समय में डाली हुई है। हम उसे ठीक करने व उसकी व्यवस्था बनाने में लगे हुए हैं। हमारी टीमें लगी हुई हैं जहां भी ड्रेन ब्लॉक है उसे जेसीबी मशीन के साथ खोला जा रहा है। -रवनीत सिंह, कार्यकारी अधिकारी, जीरकपुर