चंडीगढ़। शहर के गांवों में रहने वाले लोगों को पानी के कनेक्शन कटने की आशंका से राहत मिल सकती है। पंजाब के राज्यपाल एवं चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाब चंद कटारिया ने स्पष्ट किया है कि प्रशासन गांवों के लोगों के पानी के कनेक्शन काटने के पक्ष में नहीं है। उन्होंने कहा कि पानी हर व्यक्ति की मूलभूत जरूरत है और सभी को इसकी उपलब्धता सुनिश्चित की जानी चाहिए।
कटारिया ने कहा कि किसी भी कार्रवाई से पहले लोगों को नियमित पानी उपलब्ध कराने की व्यवस्था करना जरूरी है। उनका कहना था कि पहले पानी की सुविधा सुनिश्चित की जाए, उसके बाद ही अन्य कदमों पर विचार होना चाहिए। इससे गांवों में रहने वाले लोगों को नियमित जलापूर्ति मिल सकेगी और समस्या का स्थायी समाधान भी निकल सकेगा।
दरअसल, गांवों के लोगों का कहना है कि लाल डोरा से बाहर बसी आबादी को अभी तक वैध पानी कनेक्शन नहीं मिल पाए हैं। ऐसे में बड़ी संख्या में परिवारों में यह चिंता बनी रहती है कि कहीं उनके मौजूदा कनेक्शन अचानक न काट दिए जाएं। गांव दड़वा के पूर्व सरपंच गुरप्रीत सिंह हैप्पी ने कहा कि ग्रामीणों को मूलभूत सुविधाएं मिलनी चाहिए और लाल डोरा से बाहर की आबादी को भी नियमों के तहत पानी के कनेक्शन दिए जाने चाहिए। वहीं, गांव कैंबवाला निवासी दलीप कुमार सोनू ने कहा कि लोग बिल देने और सभी औपचारिकताएं पूरी करने को तैयार हैं, जरूरत केवल ऐसी व्यवस्था बनाने की है जिससे पात्र लोगों को नियमित पानी मिल सके।
गांव रायपुरकलां निवासी शरणजीत सिंह ने कहा कि पानी जैसी बुनियादी सुविधा से किसी को वंचित नहीं किया जाना चाहिए। ग्रामीणों ने मांग की है कि प्रशासन जल्द स्पष्ट नीति बनाकर हजारों परिवारों को राहत दे।