अभी तक एटीएम से पैसे निकलते हैं, अब पानी भी निकाल सकेंगे लोग। चंडीगढ़ में 22 जगहों पर वाटर एटीएम लगने जा रहे हैं। इन्हें लगाने के लिए छह और कंपनियों ने अपनी बिड नगर निगम को दी है। अभी तक नगर निगम के पास सिर्फ दिल्ली के एक कंपनी ने अपना प्रपोजल दिया था।
नगर निगम ने 22 स्थल भी तय कर लिए हैं, जहां पर मोबाइल वाटर एटीएम लगाने की योजना है। प्रस्ताव के अनुसार कंपनी सेक्टर-17 प्लाजा, रोज गार्डन, सुखना लेक, रॉक गार्डन, पीजीआई, बस स्टैंड, सेक्टर-17 प्लाजा, सेक्टर-43, ट्रिब्यून चौक, सेक्टर-15,19 और 22 के अलावा प्रमुख बाजारों में यह मोबाइल वाटर एटीएम लगाई जाएंगी।
लोगों को यहां से 250 मिली लीटर पानी लेने के लिए दो और एक लीटर पानी लेने के लिए 5 रुपये का भुगतान करना पड़ेगा। वाटर एटीएम लगाने के लिए सिर्फ एक कंपनी ने प्रपोजल दिया था, अब छह और कंपनियों ने आवेदन किया है।
नगर निगम के अधिकारियों के अनुसार वह चाहते हैं कि लोगों को सुविधा देने के साथ ही वाटर एटीएम लगाने वाली कंपनी की कमाई भी हो। नगर निगम के अनुसार सोमवार को यह बिड खोली जाएगी। मालूम हो कि मई माह में नगर निगम की वित्त एवं अनुबंध कमेटी में यह निर्णय लिया था।