चंडीगढ़। शहर में सोमवार को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के कार्यक्रम को लेकर कई सड़कों पर यातायात जाम हो गया। पंचकूला और चंडीगढ़ को जोड़ने वाला मध्य मार्ग सबसे ज्यादा प्रभावित रहा। वीवीआईपी विजिट होने के चलते ट्रैफिक पुलिस ने कई सड़कों पर यातायात को डायवर्ट भी किया था। रक्षा मंत्री सेक्टर 18 स्थित गवर्नमेंट प्रेस बिल्डिंग में भारतीय वायुसेना के विरासत केंद्र का उद्घाटन करने पहुंचे थे। इसके चलते लोगों को लंबे दूरी तय कर अपने गंतव्य तक पहुंचना पड़ा। हालांकि, चंडीगढ़ ट्रैफिक पुलिस ने पहले ही एडवाइजरी जारी कर रूट प्लान बताया था। इसके अलावा लोगों को ट्रैफिक पुलिस के सोशल मीडिया अकाउंट पर भी नजर बनाए रखने को कहा था। ट्रैफिक की रियल टाइम अपडेट सोशल मीडिया पर अपडेट्स होती रही। इसके बावजूद शहर में लंबे समय तक लोगों को ट्रैफिक जाम में फंसना पड़ा। बता दें कि कई लोग मोबाइल और सोशल मीडिया पर इतने सक्रिय नहीं होते, जिनको ज्यादा परेशानी हुई।चंडीगढ़ में सड़कों पर यातायात जाम में खड़े एक व्यक्ति ने बताया कि यह देखकर काफी अजीब लगता है कि वीवीआईपी विजिट से आम लोगों को इतनी दिक्कत सहनी पड़ती है। उनकी गाड़ी सेक्टर-7 की सड़क पर काफी देर तक ट्रैफिक जाम में फंसी रही। यहां से गुजरने वाले लोगों का कहना था कि वह सड़कों पर एंबुलेंस तक को जगह नहीं दे सके। चंडीगढ़ ट्रैफिक पुलिस के एक अफसर ने कहा कि लोगों को पहले ही रूट की जानकारी दे दी गई थी। ट्रैफिक पुलिस ने तय प्रोटोकॉल के तहत ड्यूटी की है। इस बात का भी ख्याल रखा गया कि लोगों को कम से कम असुविधा हो।
बता दें कि पुलिस ने दक्षिण मार्ग पर एयरपोर्ट लाइट प्वाइंट से हल्लोमाजरा लाइट प्वाइंट, पोल्ट्री फार्म चौक, ट्रिब्यून चौक, आयरन मार्केट लाइट प्वाइंट, न्यू लेबर चौक (सेक्टर 20-21-33-34) मध्य मार्ग पर एपी चौक (सेक्टर 7-8-18-19), प्रेस लाइट प्वाइंट (सेक्टर 8-9-17-18), मटका चौक (सेक्टर 8-9-17-18) समेत 17-18 लाइट प्वाइंट और सेक्टर 8 गुरुद्वारा मोड़ तक वीवीआईपी रूट रखा था।