मकान का नक्शा पास कराने, मैरिज रजिस्ट्रेशन, बिल्डिंग प्लान जमा कराने आदि कामों के लिए अब लोगों को एस्टेट ऑफिस में धक्के नहीं खाने पड़ेंगे। अब लोगों को घर बैठे ही इन कामों के लिए अप्वाइंटमेंट मिल जाएगी। पंजाब के गवर्नर एवं चंडीगढ़ के प्रशासक वीपी सिंह बदनौर ने शुक्रवार को एस्टेट ऑफिस के लिए ऑनलाइन अप्वाइंटमेंट सिस्टम का शुभारंभ किया। मौके पर डीसी अजित बालाजी जोशी भी मौजूद रहे। हर महीने पब्लिक डीलिंग के चलते करीब 10 हजार लोग एस्टेट ऑफिस व बिल्डिंग ब्रांच में विजिट करते हैं।
लोगों की सुविधा के लिए एस्टेट ऑफिस में ऑनलाइन अप्वाइंटमेंट सिस्टम शुरू किया गया है। इसके लिए एक विशेष साफ्टवेयर तैयार किया गया है। लोग अब घर बैठे एस्टेट ऑफिस की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर संबंधित अधिकारी से अपने काम को लेकर ऑनलाइन अप्वाइंटमेंट ले सकेंगे। इससे जहां लोगों का काम समय पर होगा, वहीं एस्टेट ऑफिस की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता भी आएगी।
एस्टेट ऑफिस के बाबू से लेकर अधिकारी घूसखोरी को लेकर विवादों में रहे हैं। ऑनलाइन अप्वाइंटमेंट सिस्टम शुरू होने से रिश्वतखोरी पर लगाम लगेगी। अब घर बैठे ही लोग एस्टेट ऑफिस व बिल्डिंग ब्रांच में मकान का नक्शा पास कराने, लीज टू फ्री होल्ड के लिए आवेदन करने, मैरिज रजिस्ट्रेशन, एनओसी, बिल्डिंग प्लान जमा कराने, सीवरेज के कनेक्शन आदि लेने से लेकर रजिस्ट्री कराने के लिए ऑनलाइन अप्वाइंटमेंट ले सकते हैं। इन कामों के लिए रोजाना हजारों फाइलें जमा होती हैं। इन फाइलों के जमा कराने से लेकर अप्रूवल तक सब तय समय के अंदर होगा। ऑनलाइन अप्वाइंटमेंट लेकर लोग तय समय पर संबंधित विभाग में जाकर अपना काम करा सकें।
एस्टेट ऑफिस में तत्काल सर्विस स्कीम भी शुरू
Chandigarh eState Office
- फोटो : अमर उजाला
एस्टेट ऑफिस में तत्काल सर्विस स्कीम भी शुरू
सेल डीड, ट्रांसफर डीड आदि के लिए भी लोगों को अब एस्टेट ऑफिस के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। एस्टेट ऑफिस ने तत्काल सर्विस स्कीम की शुरुआत की है। अधिकारियों के मुताबिक तत्काल सर्विस स्कीम में शुरुआती दौर में रोजाना पांच केस का निपटारा किया जाएगा।
तत्काल सर्विस स्कीम का लाभ उठाकर लोग एस्टेट ऑफिस में अपना काम आसानी से करवा सकेंगे। चंडीगढ़ हाउसिंग बोर्ड की तर्ज पर एस्टेट ऑफिस ने भी तत्काल सर्विस स्कीम शुरू कर दी है। तत्काल सर्विस का लाभ उठाकर लोग सालों से पेंडिंग पड़े अपने केस का एक दिन में निपटारा करा सकेंगे। तत्काल सर्विस के लिए लोगों को 10 हजार रुपये देने होंगे। साथ ही तत्काल सर्विस का फायदा उठाने के लिए एस्टेट ऑफिस की आधिकारिक वेबसाइट पर ऑनलाइन अप्वाइंटमेंट लेनी होगी। एस्टेट ऑफिस ने शहर के सभी संपर्क केंद्रों पर भी ऑनलाइन अप्वाइंटमेंट की सुविधा शुरू कर दी है ताकि लोग अपने नजदीकी संपर्क केंद्र पर जाकर तत्काल सर्विस स्कीम का लाभ उठा सकें।
अप्वाइंटमेंट वाले दिन आवेदक को जमा करानी होगी हार्ड कॉपी
तत्काल सर्विस स्कीम के जरिए एस्टेट ऑफिस के पास रोजाना आने वाले आवेदनों को 24 घंटे के भीतर सुना जाएगा। आवेदक को अप्वाइंटमेंट वाले दिन ही आवेदन की हार्डकॉपी एस्टेट ऑफिस में जमा करानी होगी। पहले ट्रांसफर आदि और मंजूरी के लिए एस्टेट ऑफिस में लोगों को महीनों लग जाते थे लेकिन अब तय समय सीमा पर लोगों के काम होंगे। इससे लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। क्योंकि पहले स्थानांतरण / उत्परिवर्तन के लिए एक महीने तक का समय लग जाता था।
एक दिन में दी जाएंगी 25 अप्वाइंटमेंट
एस्टेट ऑफिस द्वारा शुरू की गई ऑनलाइन अप्वाइंटमेंट सिस्टम फर्स्ट कम फर्स्ट सर्व यानी पहले आओ पहले पाओ की नीति पर कार्य करेगा। रोजाना 25 लोगों को ही ऑनलाइन अप्वाइंटमेंट दी जाएगी। अप्वाइंटमेंट वाले दिन आवेदनकर्ता को अपने साथ पुख्ता दस्तावेजों के साथ उपस्थित होना पड़ेगा।