चंडीगढ़। चुनाव विभाग द्वारा चलाए जा रहे विशेष मतदाता सत्यापन अभियान में सोमवार शाम तक करीब 84 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। विभाग के अनुसार शहर के कुल 5.16 लाख मतदाताओं में से 4,34,906 मतदाताओं के एन्यूमरेशन फॉर्म (गणना प्रपत्र) प्राप्त हो चुके हैं। इनमें वे मतदाता भी शामिल हैं जो स्थायी रूप से चंडीगढ़ छोड़कर अन्य शहरों या राज्यों में बस चुके हैं।
सत्यापन के दौरान करीब 30 हजार ऐसे मतदाताओं की पहचान हुई है, जो अब स्थायी रूप से दूसरे शहरों या राज्यों में रह रहे हैं। वहीं लगभग 2,800 मतदाताओं के निधन की पुष्टि भी हुई है। चुनाव विभाग इन मामलों का रिकॉर्ड अद्यतन कर निर्वाचन आयोग के नियमों के अनुसार आगे की कार्रवाई करेगा।
इसके अलावा करीब 55 हजार मतदाताओं का सत्यापन अभी नहीं हो सका है। विभाग के अनुसार बीएलओ (बूथ लेवल अधिकारी) संबंधित पतों पर पहुंचे, लेकिन कई स्थानों पर मतदाता नहीं मिले या उपलब्ध जानकारी के आधार पर उनकी पहचान और निवास की पुष्टि नहीं हो सकी। ऐसे सभी मामलों में अभियान पूरा होने के बाद संबंधित मतदाताओं को नोटिस जारी किए जाएंगे। निर्धारित समय के भीतर संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर निर्वाचन आयोग के प्रावधानों के तहत आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
चंडीगढ़ में यह विशेष अभियान मतदाता सूची को अधिक सटीक, अद्यतन और त्रुटिरहित बनाने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है। इसके तहत बीएलओ घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन कर रहे हैं और एन्यूमरेशन फॉर्म एकत्रित कर रहे हैं। इस प्रक्रिया के माध्यम से ऐसे मतदाताओं की पहचान की जा रही है जो अब शहर में नहीं रहते, जिनका निधन हो चुका है या जिनके विवरण में किसी प्रकार का बदलाव हुआ है।
निर्वाचन विभाग ने इस अभियान को पूरा करने के लिए 14 जुलाई तक का समय निर्धारित किया है। हालांकि अधिकारियों का कहना है कि चंडीगढ़ में सत्यापन कार्य निर्धारित समय से पहले ही पूरा होने की संभावना है। शेष क्षेत्रों में भी तेजी से अभियान चलाया जा रहा है ताकि सभी रिकॉर्ड समय पर अद्यतन किए जा सकें।