अमूल और मदर डेयरी के बाद अब वीटा ने भी दूध, दही और पनीर के दाम बढ़ा दिए हैं। सीधे 2 से 25 रुपये तक का इजाफा किया गया है। दरअसल गर्मी में दूध की मांग ज्यादा हो रही है, लेकिन प्लांट में दूध कम मात्रा में पहुंच रहा है। इसलिए वीटा ने 22 जून से दूध उत्पादों के रेट बढ़ाकर लागू भी कर दिए गए हैं। दूध 2 रुपये प्रति किलोग्राम, दही 5 रुपये प्रति किलोग्राम महंगी हो गई है। वहीं पनीर के रेट में एकदम से 25 रुपये प्रति किलोग्राम का इजाफा किया गया है।
हरियाणा में अंबाला, यमुनानगर व पंचकूला जिलों की सात सौ के करीब सोसायटियों से दूध एकत्रित होकर वीटा प्लांट में पहुंचाया जाता है। गर्मी व बढ़ते तापमान के कारण उक्त सोसायटियों से 50 हजार लीटर दूध ही प्लांट में पहुंच पा रहा है। दूध से दही, पनीर, नमकीन व मीठी लस्सी आदि उत्पाद तैयार किए जा रहे हैं। सिरसा, रोहतक व कुरुक्षेत्र वीटा प्लांट में भी एक लाख लीटर दूध की जरूरत है, लेकिन वहां भी सप्लाई कम पहुंचने के कारण रेटों में बढ़ोतरी करनी पड़ी। वीटा के अंबाला, यमुनानगर व पंचकूला में 130 बूथ हैं।
वीटा ने इस तरह बढ़ाए रेट
दूध फुल क्रीम 26 के बजाय 27, स्टैंडर्ड दूध 23 के बजाय 24, टोंड दूध 21 के बजाय 22 और डबल टोंड दूध 18 के बजाय 19 रुपये में मिलेगा। वहीं दही प्रति किलो 45 के बजाय 50 रुपये हो गया है। पनीर में प्रति किलो 25 रुपये की बढ़ोतरी की गई है। 200 ग्राम का पैकेट पहले 60 रुपये में मिलता था, लेकिन अब 65 रुपये में मिलेगा। पनीर के 200 ग्राम के पैकेट में 5 रुपये की बढ़ोतरी की गई।
पहले वेरका ने भी बढ़ाए थे रेट
वेरका भी पहले पंजाब में अपने मिल्क उत्पादों के रेट दो रुपये तक बढ़ा चुका है। वेरका का फुल क्रीम दूध 48 रुपये प्रति लीटर मिलता था, जिसे बढ़ाकर 52 रुपये, स्टैंडर्ड मिल्क को 44 से बढ़ाकर 46, टोंड मिल्क को 40 से 42 और डबल टोंड मिल्क को 36 से 38 रुपये किया गया था। वीटा मिल्क प्लांट के सीईओ ने स्वीकारा है कि वेरका व वीटा के रेट एक समान ही रहते हैं।
वीटा ने दूध, दही व पनीर के रेट बढ़ाए हैं। नए रेट के वीटा के दुग्ध उत्पाद मार्केट में मिल रहे हैं। इसमें दूध 2 रुपये प्रति किलो, दही 5 रुपये प्रति किलो व पनीर में 25 रुपये प्रति किलोग्राम तक बढ़ोतरी की गई है।
- यशवंत पाल सिंह, सीईओ, वीटा मिल्क प्लांट, अंबाला