अमर उजाला ब्यूरो
पटियाला। पंजाब विधानसभा की सरकारी आश्वासनों संबंधी कमेटी ने पटियाला सेंट्रल जेल का औचक दौरा किया। धर्मकोट के विधायक दविंदरजीत सिंह लाडी ढोस के नेतृत्व में पहुंची कमेटी का स्वागत जेल विभाग के सचिव-आईजी मोहम्मद तैयब, एडिशनल डिप्टी कमिश्नर (जरनल) सिमरप्रीत कौर और जेल सुपरिटेंडेंट गुरचरण सिंह धालीवाल ने किया।
कमेटी सदस्यों ने सर्किट हाउस में बैठक कर जेल विभाग से जुड़े विभिन्न मसलों पर चर्चा की। इसके बाद विधायक दविंदरजीत सिंह लाडी ढोस, डॉ. अमनदीप कौर अरोड़ा, इंजीनियर अमित रतन कोटफत्ता, दलबीर सिंह टोंग और कुलदीप सिंह ढिल्लों ने जेल का निरीक्षण किया। उन्होंने कैदियों को दी जाने वाली सुविधाओं, खाने की गुणवत्ता, जेल फैक्ट्री, क्रेच और अलग-अलग बैरकों का जायजा लिया।
जेल सुपरिटेंडेंट से स्टाफ, सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी ली गई। इस दौरान कैदियों ने सभ्याचारक कार्यक्रम पेश किया, जिस पर कमेटी ने उन्हें समाज में लौटकर अच्छी ज़िंदगी जीने और सकारात्मक आदतें विकसित करने के लिए प्रेरित किया। एसडीएम हरजोत कौर मावी, एसपी पलविंदर सिंह चीमा, एसपी जसबीर सिंह, डीएसपी जंगजीत सिंह रंधावा, विधानसभा की डिप्टी सेक्रेटरी अमरजीत कौर समेत अन्य अधिकारी भी निरीक्षण में शामिल रहे।