सीएम वीरभद्र सिंह की पत्नी के भतीजे ने पीजीआई में दम तोड़ा
- फोटो : अमर उजाला
हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की पत्नी के भतीजे अकांक्ष सेन की पीजीआई में इलाज के दौरान मौत हो गई। उस पर वीरवार सुबह 5 बजे सेक्टर-9 में दो युवकों ने बीएमडब्ल्यू गाड़ी चढ़ा दी थी। पुलिस ने दोनों आरोपियों लांडरा निवासी हरमेहताब सिंह उर्फ फरीद सिंह राड़ेवाल और सोहाना निवासी बलराज सिंह रंधावा के खिलाफ अब हत्या की धारा जोड़ दी है। वहीं पुलिस अभी दोनों फरार आरोपियों को पकड़ नहीं पाई है। पुलिस की टीमें शुक्रवार को भी पंजाब के विभिन्न इलाकों में छापे मारती रही, लेकिन आरोपियों का कुछ पता नहीं चला।
वीरवार सुबह से ही कोमा में चल रहे अकांक्ष सेन ने शुक्रवार शाम को पीजीआई में अंतिम सांसें लीं। अकांक्ष की हालत नाजुक बनी हुई थी और उसे वेंटीलेटर पर रखा गया था। पुलिस के अनुसार अकांक्ष सेन पर बलराज सिंह रंधावा ने गुस्से में बीएमडब्ल्यू चढ़ा दी थी। कार का टायर उसके सिर के ऊपर से गुजर गया था।
पीजीआई में अतिरिक्त सिक्योरिटी गार्ड और पुलिसकर्मी तैनात करने पड़े
जैसे ही शुक्रवार शाम को डॉक्टरों ने अकांक्ष सेन को मृत घोषित किया। पीजीआई के बाहर उसके माता-पिता, भाइयों और बहनों का रो रोकर बुरा हाल हो गया। हिमाचल प्रदेश से भी उनके रिश्तेदार पहुंचने लगे। पीजीआई ट्रामा सेंटर के बाहर रिश्तेदारों व दोस्तों की भारी भीड़ जमा हो गई। इसके बाद ट्रॉमा सेंटर के बाहर पीजीआई प्रशासन ने अतिरिक्त सिक्योरिटी गार्ड और पुलिस कर्मचारियों को तैनात कर दिया गया। वहीं अकांक्ष सेन की मौत के बाद सेक्टर 9 में उनके कैफे बूम बॉक्स को भी बंद कर दिया गया।