सुबह 9 बजे स्टेडियम में पहुंचे अश्विन, शुभमन गिल, हनुमा विहारी
भारतीय टीम के रविचंद्रन अश्विन, शुभमन गिल, सौरभ कुमार सहित हनुमा विहारी सुबह 9 बजे ही अभ्यास के लिए स्टेडियम पहुंच चुके थे। सब ने पहले मैदान में हल्का अभ्यास किया। उसके बाद नेट की ओर रुख किया। नेट पर हनुमा विहारी, जयंत यादव, सौरभ कुमार तथा अन्य खिलाड़ियों ने तकरीबन तीन घंटे तक अभ्यास किया। स्थानीय स्पिनरों तथा तेज गेंदबाजों की गेंदों पर शुभमन गिल शॉट लगाते हुए दिखाई दिए। इसके बाद शुभमन गिल ने कैच की भी प्रैटिक्स की।
सात वर्षों में बतौर खिलाड़ी विराट का पहला मैच
वर्ष 2015 से भारतीय टेस्ट टीम की कप्तानी संभालते आए विराट के लिए पिछले सात वर्षो के भीतर यह पहला ऐसा मौका होगा, जब वह टीम के सदस्य खिलाड़ी के तौर पर टेस्ट खेलने उतरेंगे। खास बात है कि इस बार मैच बिना दर्शकों के होने जा रहा है। ऐसे में विराट का फोकस अपनी बल्लेबाजी पर सबसे अधिक होगा। श्रीलंकाई टीम के सदस्यों ने होटल में रुककर एकांतवास पूरा किया। संभावना है कि मेहमान सोमवार को अभ्यास सत्र के लिए स्टेडियम पहुंचेंगे।