संजय लीला भंसाली की फिल्म पद्मावती की रिलीज को लेकर उठे विवाद में हरियाणा के उद्योग मंत्री विपुल गोयल भी कूद पड़े हैं। फिल्म में ऐतिहासिक तथ्यों से खिलवाड़ को लेकर गोयल भी खफा हैं। उन्होंने केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री स्मृति ईरानी व संजय लीला भंसाली को पत्र लिखकर अपनी आपत्ति दर्ज कराई है। उन्होंने केंद्रीय मंत्री से फिल्म के ऐतिहासिक तथ्यों को परखने की अपील की है।
गोयल के अनुसार फिल्म के ट्रेलर में अलाउद्दीन खिलजी का महिमामंडन गलत है। भंसाली को फिल्म में पद्मावती का गौरवमयी इतिहास आगे रखना चाहिए था। फिल्म को बेचने के लिए या भव्य बनाने के लिए ऐतिहासिक तथ्यों से खिलवाड़ नहीं होना चाहिए। गोयल ने स्मृति ईरानी को भेजे पत्र में लिखा है कि देश के अन्य राज्यों के साथ ही हरियाणा में भी फिल्म में तथ्यों को तोड़-मरोड़कर पेश करने से लोगों में आक्रोश है।
इतिहास पर बनने वाली फिल्मों में सोचने की आजादी के साथ जनसंवेदनाओं और संस्कृति का ध्यान रखना भी जरूरी है। इसलिए अनुरोध है कि जनभावनाओं और ऐतिहासिक तथ्यों को ध्यान में रखते हुए ही फिल्म को स्वीकृति प्रदान करें।