भारत-पाकिस्तान के अटारी बॉर्डर पर रोजाना होने वाली रिट्रीट सेरेमनी के लिए वीआईपी पास के नाम पर ठगी का गोरखधंधा चलाया जा रहा है। कई दलाल देश के अलग-अलग राज्यों से इस सेरेमनी को देखने आने वाले लोगों को शिकार बना रहे हैं।
यह मामला अब बॉर्डर सिक्योरिटी फोर्स (बीएसएफ) की जानकारी में भी आ चुका है। जिसे लेकर बीएसएफ ने स्थिति भी स्पष्ट कर दी है। इसके अलावा ठगी का यह नेटवर्क चलाने वालों पर शिकंजा कसने के लिए बीएसएफ पूरी तरह सतर्क है, क्योंकि ठगी का यह खेल बीएसएफ की प्रतिष्ठा से जुड़ा हुआ है।
दोनों देशवासियों के लिए जोश-उत्साह से लबरेज होती है यह सेरेमनी
भारत और पाकिस्तान के अटारी (अमृतसर) और हुसैनीवाला (फिरोजपुर) बॉर्डर पर रोजाना बीटिंग द रिट्रीट सेरेमनी का आयोजन किया जाता है। इसमें भारत की ओर से बीएसएफ और पाकिस्तान की ओर से पाक रेंजर्स के जवान भाग लेते हैं। दोनों देशों से लोग जोश और उत्साह से लबरेज होकर इस सेरेमनी को देखने आते हैं।
इस दौरान अपने-अपने देशवासियों और देशभक्ति के गीतों के बीच दोनों ही देशों के जवान हथियारों के साथ आमने-सामने होते हैं, आक्रामक हाव-भाव व तेवर दिखाते हैं। अंत में युद्ध से सेना वापसी जैसे सरीखे संकेतों के साथ इस रिट्रीट सेरेमनी को संपन्न किया जाता है। आवाम उत्साह के साथ-साथ देशप्रेम से ओत-प्रोत दिखाई देती हैं।