चंडीगढ़। सेक्टर-35 स्थित पशतून रेस्टोरेंट में आग की घटना के बाद चंडीगढ़ प्रशासन ने बिल्डिंग वॉयलेशन और फायर सेफ्टी मानकों को लेकर कार्रवाई तेज कर दी है। एस्टेट ऑफिस की ओर से सेक्टर-35 में 43 बिल्डिंगों पर वॉयलेशन के नोटिस चल रहे हैं। इन इमारतों में फायर सेफ्टी से जुड़े निर्धारित मानकों को पूरा नहीं किए जाने की बात सामने आई है। बिल्डिंग वॉयलेशन, मिसयूज को लेकर जो नोटिस दिए गए हैं, इस पर संबंधित बिल्डिंग मालिकों की एस्टेट ऑफिस में सुनवाई की प्रक्रिया चल रही है।
प्रशासन अब केवल नोटिस तक सीमित नहीं रहना चाहता, बल्कि सेक्टर-35 में बिल्डिंग वॉयलेशन से जुड़े सभी मानकों की ग्राउंड चेकिंग कराने की तैयारी में है। अधिकारियों के स्तर पर यह भी देखा जाएगा कि व्यावसायिक गतिविधियां चलाने वाली इमारतों में भवन नियमों और सुरक्षा मानकों का पालन किया जा रहा है या नहीं।
अन्य सेक्टरों में 32 संचालकों को नोटिस
इसी तरह शहर के अन्य व्यावसायिक क्षेत्रों में भी एस्टेट ऑफिस ने कार्रवाई की है। सेक्टर-26, 7, 8 और 9 में क्लब और रेस्टोरेंट संचालकों समेत करीब 32 बिल्डिंग मालिकों को नोटिस जारी किए गए हैं। इन मामलों में भी संबंधित पक्षों को अपना पक्ष रखने के लिए सुनवाई का मौका दिया जा रहा है।
एस्टेट ऑफिस के अधिकारियों के अनुसार शहर में पहले हुई विभिन्न घटनाओं के बाद गठित कमेटियों की रिपोर्ट के आधार पर विभागीय कार्रवाई जारी है। बिल्डिंग वॉयलेशन पाए जाने पर कई रेस्टोरेंट और क्लब को सील भी किया जा चुका है। अधिकारियों का कहना है कि जहां नियमों का उल्लंघन सामने आएगा, वहां नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।