प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों को खदेड़ती पुलिस।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी।
सोनीपत में नेशनल हाईवे-44 स्थित भिगान टोल प्लाजा पर गांव मुरथल के ग्रामीणों ने जमकर हंगामा किया। ग्रामीणों ने उनसे टोल टैक्स वसूले जाने के विरोध में टोल प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी की। उन्होंने टोल फ्री कराने की मांग की।
इसके बाद वे नेशनल हाईवे पर टोल प्लाजा की लेन में बैठ गए। मौके पर पहुंचे एसीपी गोरखपाल राणा व थाना प्रभारी जसपाल सिंह ने उन्हें हाईवे से हटने को कहा लेकिन वह नहीं माने। पुलिस ने उन्हें जबरन उठा लिया। इस दौरान लाठियां भी भांजी गई। पुलिस ने कई लोगों को हिरासत में भी लिया है।
यह भी पढ़ें: NIA Raid: पंजाब में एनआईए की छापेमारी, फिरोजपुर से गैंगस्टर अर्श डल्ला का सहयोगी राजमिस्त्री गिरफ्तार
सात गांवों का टोल फ्री करने की मांग कर रहे थे ग्रामीण
मुरथल के ग्रामीणों ने 24 सितंबर को टोल प्रबंधन से आस-पास के 7 गांवों का टोल फ्री कराने की मांग की थी। जिस पर ग्रामीणों को 27 सितंबर को बुलाया गया था। ग्रामीण बुधवार को टोल पर पहुंच गए लेकिन वहां पर टोल प्रबंधन के अधिकारी नहीं होने पर ग्रामीणों ने नारेबाजी शुरू कर दी। पता लगते ही थाना प्रभारी जसपाल सिंह मौके पर पहुंच गए। उन्होंने लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह मांगों पर अड़े रहे। इसी बीच एसीपी गोरखपाल राणा भी मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने टोल के बीच में बैठकर जाम लगाने का प्रयास किया।
पुलिस की चेतावनी पर जब ग्रामीण नहीं माने तो पुलिस ने उन्हें जबरन उठाना शुरू कर दिया। इस दौरान पुलिस ने हल्का बल प्रयोग भी किया और लाठियां भांजकर ग्रामीणों को वहां से खदेड़ दिया गया। साथ ही कई लोगों को हिरासत में लिया गया है।
ग्रामीणों ने जाम लगाने की कोशिश की तो उन्हें चेतावनी दी गई। जब वह नहीं माने तो उन्हें जबरन उठा दिया गया। कुछ लोग हिरासत में लिए गए है। नेशनल हाईवे को जाम कर लोगों को परेशान करने वालों से सख्ती से निपटा जाएगा। अगर कोई दिक्कत है तो अधिकारियों को शिकायत देकर कार्रवाई कराएं।
- गोरखपाल राणा एसीपी गन्नौर