आय से अधिक संपत्ति के मामले में विजिलेंस ब्यूरो की टीम शुक्रवार को एआईजी आशीष कपूर की पत्नी कोमल कपूर से पूछताछ करेगी। विजिलेंस एक महीने में उनसे तीसरी बार सवाल जवाब करेगी। गत सप्ताह जब उनसे पूछताछ हुई थी तो उन्होंने विजिलेंस से सवालों के जवाब देने के लिए समय की मांग की थी।
सूत्रों की माने तो इस बार वह जवाब नहीं देती हैं तो विजिलेंस उन पर कार्रवाई कर सकती है। एआईजी आशीष कपूर एक करोड़ रुपये रिश्वत लेने के आरोप में इन दिनों जेल में हैं, जबकि विजिलेंस उनके खिलाफ आय से अधिक संपत्ति की शिकायत की भी जांच कर ही है। इसमें पहले उनसे पूछताछ हुई थी। साथ ही उनकी प्रॉपर्टी की कीमत का आकलन किया था। इसके बाद अब उनकी पत्नी को पूछताछ के लिए बुलाया जा रहा है।
विजिलेंस ने उन्हें सवालों संबंधी एक प्रोफार्मा दिया था। विजिलेंस सूत्रों के मुताबिक जो सवाल उनसे किए गए थे, वह उनके भी उचित जवाब नहीं दे रही हैं। विजिलेंस ने उनकी प्रॉपर्टी, विदेशी दौरे, कंपनियों में हिस्सेदारी के संबंध में सवाल जवाब किए थे। इसमें से अधिकतर सवालों के जवाब में उन्होंने कहना था कि उनके पति को इस बारे में पता होगा। याद रहे कि विजिलेंस ब्यूरो भ्रष्टाचार के मामले में एआईजी के खिलाफ आरोप पत्र दायर कर चुकी है। अब उक्त केस की नियमित सुनवाई होगी।