संवाद न्यूज एजेंसी
अमृतसर। विजिलेंस ब्यूरो ने पांच हजार रुपये रिश्वत लेने के आरोप में अजनाला थाने में तैनात एएसआई नछत्तर सिंह को गिरफ्तार किया है। ब्यूरो की टीम ने आरोपी के कब्जे से रिश्वत के पैसे बरामद करने के बाद उसके खिलाफ केस भी दर्ज कर लिया। विजिलेंस के अधिकारियों ने उसका मोबाइल भी अपने कब्जे में लेने के बाद जांच शुरू कर दी।
विजिलेंस प्रवक्ता ने बताया कि अजनाला थाने में तैनात एएसआई नछत्तर सिंह को फतेहगढ़ चूड़ियां के गांव शमशेरपुर निवासी अवतार सिंह की शिकायत पर गिरफ्तार किया है। पीड़ित ने ब्यूरो को बताया कि आरोपी एएसआई ने उसके बेटे की शिकायत पर उसका पक्ष मजबूती से रखने की एवज में दस हजार रुपये मांगे, लेकिन सौदा पांच हजार रुपये में तय हो गया। एएसआई के विरुद्ध शिकायत मिलते ही विजिलेंस ने आरोपी विरुद्ध जाल बिछाया और पांच हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।