जब पुलिस ने रोका तो लोगों ने पुलिस टीम को घेरकर गाली गलौज की थाना कोतवाली की पुलिस ने 11 लोगों को सरकारी काम में विघ्न डालने के आरोप में नामजद करते हुए 13 आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया है। सिपाही कुलदीप सिंह ने बताया कि 3 जनवरी उन्होंने पुलिस टीम के साथ गांव नवां पिंड भट्ठे के मुख्य मार्ग पर नाकाबंदी की थी।
इस दौरान एक सफेद रंग की स्कूटर पर व्यक्ति आता दिखाई दिया। जब पुलिस पार्टी ने उसे रुकने का इशारा किया तो उसने स्कूटरी गांव नवां पिंड भट्ठे की तरफ भगा ली और एक घर में घुस गया। जब पुलिस पार्टी उसे पकड़ने के लिए गांव पहुंची तो उन्हें करीब 20-25 लोगों ने घेर लिया। पुलिस के सामने ही स्कूटर चालक अजीत सिंह निवासी गांव नवां पिंड भट्ठे ने अवैध शराब जमीन पर गिराना शुरू कर दी।
जब पुलिस टीम ने उसे ऐसा करने से रोका तो लोगों के हुजूम ने उन्हें घेरकर जमकर गाली-गलौज करते हुए सरकारी काम में विघ्न डाला। सिपाही कुलदीप सिंह के अनुसार लोगों ने उन्हें कई तरह की धमकियां भी दी। इसके बाद किसी तरह से टीम वहां से निकली और उच्चाधिकारियों को घटना की सूचना दी।
सिपाही कुलदीप सिंह के बयान पर थाना कोतवाली की पुलिस ने महिंदर सिंह, गुरप्रीत सिंह, दविंदर सिंह, अमरजीत सिंह उर्फ बोला, सुखजिंदर सिंह उर्फ साबी, जसविंदर कौर उर्फ रज्जी, सतनाम कौर, साबी, राजा, बलविंदर कौर, कालो के खिलाफ केस दर्ज करने के साथ-साथ 13 अज्ञात लोगों को आरोपी बनाया है। किसी की भी गिरफ्तारी नहीं हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।