उपराष्ट्रपति वैंकेया नायडू (फाइल फोटो)
- फोटो : ANI
शहीद स्थली जलियांवाला बाग के शताब्दी समारोह में उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू हिस्सा लेंगे। यह जानकारी केंद्रीय पुरातत्व विभाग की निदेशक ऊषा शर्मा ने दी। ऊषा शर्मा ने डीसी शिव दुलार, सीमा सुरक्षा बल के डीआईजी जेएस ओबराय सहित कई प्रशासनिक अधिकारियों के साथ जलियांवाला बाग में आयोजित होने वाले शताब्दी कार्यक्रमों की तैयारियों का जायजा लेते हुए एक बैठक की।
बैठक के बाद ऊषा शर्मा ने बताया कि 12 अप्रैल को जलियांवाला में शहीदों की याद में एक कैंडल मार्च निकाला जाएगा। यह मार्च जलियांवाला बाग से शुरू होकर 800 मीटर की दूरी तय करता हुआ टाउन हॉल में संपन्न होगा। 13 अप्रैल को उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू जलियांवाला बाग के शहीदों को श्रद्धा सुमन भेंट करेंगे।
डीसी ने कहा कि जलियांवाला बाग शताब्दी समारोह की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। समारोह के दौरान केंद्र सरकार जलियांवाला बाग शहीदों की याद में एक डाक टिकट भी जारी करेगी। केंद्रीय टीम ने जलियांवाला बाग में किए जाने वाले निर्माण कार्यों का भी जायजा लिया है।
इस अवसर पर बीएसएफ के आईजी महिपाल यादव, कमिश्नर निगम हरबीर सिंह, सहायक कमिश्नर अल्का कालिया, एडीसीपी सरताज सिंह चहल के साथ-साथ पुरातत्व विभाग चंडीगढ़ के जुल्फकार अली और वीएस रावत भी मौजूद थे।