25 अगस्त को राम रहीम की पेशी को लेकर तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। इधर डेरा प्रेमी डटे हैं, उधर सरकार और पुलिस अलर्ट है। चप्पे चप्पे पर कड़ी सुरक्षा रहेगी। वहीं तीन राज्यों की सीमाएं पूरी तरह से सील कर दी गई हैं। पुलिस और अर्धसैनिकल बल किसी भी तरह के हालातों से निपटने को तैयार हैं। हरियाणा के साथ लगते सभी राज्यों की सीमाओं को सील कर चेक पोस्ट से शरारती तत्वों पर नजर रखी जा रही है। सोशल मीडिया के जरिए अफवाहों का बाजार गर्म होने से पहले ही सरकार किसी भी समय प्रदेश में इंटरनेट सेवाएं बंद कर सकती है।
सोमवार को कानून व्यवस्था के प्रबंधों की समीक्षा के लिए गृह विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव रामनिवास व डीजीपी बीएस संधू ने सभी जिलों के डीसी और एसपी सहित उच्च अधिकारियों के साथ वीडियो कांफ्रेंसिंग की। रामनिवास ने कहा कि अर्धसैनिक बलों की 35 कंपनियों को नौ जिलों में तैनात कर दिया गया है। जरूरत के अनुसार केंद्र सरकार प्रदेश को अतिरिक्त पुलिस बल मुहैया कराएगा। पुलिस कर्मचारी मॉक ड्रिल कर रहे हैं।
शरारती तत्वों पर निगरानी रखने के लिए ड्रोन और वीडियो कैमरा का प्रयोग किया जाएगा। ड्रोन कैमरे से लाठी, डंडे, जैली या गैर कानूनी हथियार लाने वाले व्यक्तियों पर भी नजर रखी जाएगी। संवेदनशील स्थलों पर वीडियोग्राफी की जाएगी। शांति भंग करने वालों पर कानूनी कार्रवाई करेंगे। डीसी-एसपी को शांति समितियों का गठन करने के निर्देश दिए गए हैं। पंच-सरपंच के साथ मिलकर डेरा प्रेमियों से बातचीत करने के लिए कहा गया है।
निर्णय या तो जज जानते हैं या ईश्वर
गुरमीत राम रहीम
गृह सचिव रामनिवास ने कहा कि डेरा सच्चा सौदा प्रमुख के मामले में निर्णय के बारे में या तो जज जानते हैं या ईश्वर। ये सभी कदम निर्णय के संभावित पहलुओं को देखते हुए एहतियात के तौर पर उठाए जा रहे हैं। संवदेनशील स्थलों को चिह्नित कर जांचा जा रहा है। वीडियो कांफ्रेंसिंग के दौरान अदालत के निर्णय के बाद की संभावित कानून व्यवस्था पर चर्चा की गई और विशेष दिशानिर्देश दिए गए हैं।
भावुक अपील, डेरे पर न लगने दें दाग
गृह सचिव ने कहा कि देश में न्यायपालिका सर्वोपरि हैं। न्यायपालिका के फैसले का डेरा अनुयायी सम्मान करें चाहे निर्णय डेरा प्रमुख के हित में हो या विपक्ष में। डेरा प्रेमी, जिनके नाम में ही प्रेमी शब्द हैं, वे ऐसा कोई कदम न उठाएं जिससे प्रदेश की कानून व्यवस्था और शांति भंग हो। शांति बनाए रखने में वे अपना पूरा सहयोग प्रदान करें।
कई बार शरारती तत्व बाहर से आकर प्रदेश की कानून व्यवस्था व शांति को भंग करने का प्रयास करते हैं, जिनसे सख्ती से निपटेंगे। डेरा प्रेमी, जो प्रेम-प्यार व भाईचारे से अपना परिचय देते हैं, ठीक इसी प्रकार से वे इस मामले में भी अपनी इसी भावना का परिचय दें ताकि डेरे के नाम पर किसी भी प्रकार का कोई दाग न लगे।