चंडीगढ़। शहर की अपनी मंडियों और डे मार्केट के सुचारु संचालन को लेकर सोमवार को अपनी मंडी एवं डे मार्केट कमेटी की बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता पार्षद लखबीर सिंह ने की। इसमें तीन अहम एजेंडों पर चर्चा कर उन्हें मंजूरी दी गई।
वेंडरों की पहचान सुनिश्चित करने और कचरा प्रबंधन को बेहतर बनाने के लिए सभी विक्रेताओं को स्थायी यूनिक आईडी देने के प्रस्ताव को स्वीकृति दी गई। साथ ही मंडियों में सफाई व्यवस्था, बुनियादी ढांचे और नियमित रखरखाव को मजबूत करने का निर्णय लिया गया। ट्रैफिक जाम की समस्या को देखते हुए सेक्टर-52 की अपनी मंडी को वी-4 रोड सेक्टर-52 में शिफ्ट करने की मंजूरी दी गई। वहीं, सेक्टर-49 की अपनी मंडी को आवश्यकता पड़ने पर एडवोकेट सोसाइटी के सामने स्थित खाली पार्किंग स्थल में अस्थायी रूप से स्थानांतरित करने का फैसला किया गया।
नगर निगम का कहना है कि इन निर्णयों से सफाई व्यवस्था सुधरेगी, ट्रैफिक दबाव कम होगा और नागरिकों के साथ-साथ वेंडरों को भी सुविधा मिलेगी। बैठक में पार्षद मनोज सोनकर, हरजीत सिंह, गुरप्रीत सिंह, नरेश पंचाल और संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।