चंडीगढ़। सेक्टर-22 पुलिस पर फड़ी लगाने वाली एक महिला ने उगाही करने और मारपीट का आरोप लगाया है। शास्त्री मार्केट में रेहड़ी लगाने वाली महिला का आरोप है कि पुलिस ने पांच सौ रुपये मांगने के साथ ही उसके कपड़े फाड़े हैं।
मामला इस कदर बिगड़ा कि मार्केट के पास बने पुलिस बीट बॉक्स के बाहर उसने जमकर हंगामा शुरू कर दिया। इसके बाद मामला पुलिस तक पहुंचा। सेक्टर-22 पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।
सेक्टर-22 स्थित शास्त्री मार्केट में दुकान लगाने वाली आरती नामक महिला ने रविवार की दोपहर एक पुलिसकर्मी पर दुकान लगाने के एवज में 500 रुपये मांगने व उसके साथ मारपीट करते हुए कपड़े फाड़ने का आरोप लगाया है। इसके बाद सभी वेंडरों ने मिलकर पुलिस बीट बॉक्स के बाहर इकट्ठे होकर प्रदर्शन किया। देखते ही देखते लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना के बाद मौके पर पहुंचे पुलिस कर्मियों ने शिकायत लेकर किसी तरह से लोगों को शांत कराया।