चंडीगढ़। सेक्टर-34 थाना पुलिस ने बुड़ैल के रहने वाले मोहम्मद असलम (30) को सेक्टर-45 सी और डी के मोड़ से वाहन चोरी के आरोप में गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी से चोरी के तीन दोपहिया वाहन भी बरामद किए हैं। इस दौरान आरोपी जिस एक्टिवा पर सवार था, उसकी सेक्टर 34 थाने में चोरी की एफआईआर दर्ज थी। पुलिस को आरोपी सेक्टर 49,50, 45,46 के लाइट प्वाइंट पर स्लिप रोड से गलत दिशा में एक्टिवा खींचकर लाता दिखा। वह पुलिस को देखकर भागने लगा। पेशे से पेंटर असलम से पूछताछ में पता चला कि एक्टिवा चोरी का है। इस मामले में सेक्टर 45 के विनोद कुमार कौशल ने शिकायत दी थी कि उनके घर के बाहर से चंडीगढ़ नंबर की एक्टिवा 22 जुलाई को चोरी हो गई थी। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने माना कि उस पर पहले भी चोरी के कई मामले दर्ज हैं। उसने तीन दोपहिया वाहन और बैटरियां चुराई हैं।