हरियाणा सरकार पेट्रो पदार्थों पर वैट की वर्तमान दरों में कोई कटौती नहीं करेगी। पड़ोसी कांग्रेस शासित राज्य हिमाचल प्रदेश ने भले ही केंद्र के आह्वान के बाद मंगलवार को कैबिनेट बैठक में पेट्रोल-डीजल पर वैट घटा दिया है, लेकिन भाजपा शासित राज्य हरियाणा ने पेट्रोल-डीजल की दरों में कमी करने से पूरी तरह इंकार कर दिया है।
वित्त मंत्री कैप्टन अभिमन्यु ने वैट दरों में कमी की संभावना को सिरे से नकारते हुए कहा कि हरियाणा में पेट्रो पदार्थों की कीमतें पहले ही पड़ोसी राज्यों के मुकाबले कम हैं। पेट्रो पदार्थों को फिलहाल जीएसटी के दायरे से बाहर रखा गया है, लेकिन भविष्य में इसे जीएसटी के अधीन लाने के दरवाजे खुले हैं। अभी राज्यों को अपनी आर्थिक स्थिति मजबूत करने के लिए इन पर वैट लगाने का अधिकार दिया गया है।
हरियाणा में पेट्रोल 67.91 रुपये प्रति लीटर है व डीजल 56.67 रुपये प्रति लीटर है। पंजाब में पेट्रोल 73.30 रुपये प्रति लीटर व डीजल 56.97 रुपये प्रति लीटर है। चंडीगढ़ में पेट्रोल 68.49 रुपये प्रति लीटर व डीजल 57.67 रुपये प्रति लीटर है, जबकि दिल्ली में पेट्रोल 68.35 रुपये प्रति लीटर व डीजल 56.87 रुपये प्रति लीटर है। इसी प्रकार राजस्थान में पेट्रोल 70.94 रुपये प्रति लीटर व डीजल 60.85 रुपये प्रति लीटर, उत्तर प्रदेश में पेट्रोल 70.89 रुपये व डीजल 58.20 रुपये प्रति लीटर, जबकि, हिमाचल प्रदेश में पेट्रोल 69.02 रुपये प्रति लीटर व डीजल 57.07 रुपये प्रति लीटर है। हरियाणा सरकार पेट्रो पदार्थों में केंद्र सरकार के वैट कम करने पर नजर बनाए हुए है। अगर बड़ी गिरावट केंद्र स्तर पर पेट्रोल-डीजल के रेट में दर्ज की जाती है तो जरूरत पड़ने पर यहां भी सरकार वैट दरों में कमी को लेकर विचार करेगी।