संवाद न्यूज एजेंसी
बठिंडा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से शुक्रवार की सुबह वीडियो कांफ्रेंस के जरिये रवाना की गईं देश में चार वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनों में से एक फिरोजपुर-दिल्ली ट्रेन के 10 बजे बठिंडा रेलवे स्टेशन पर पहुंचने पर पुष्पवर्षा के साथ जोरदार स्वागत किया गया। केंद्रीय रेलवे राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू की अगुआई में जैसे ही वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन बठिंडा पहुंची तो स्टेशन वंदे मातरम और बोले सो निहाल के नारों के साथ गूंज उठा। ट्रेन 10 बजे बठिंडा स्टेशन पर पहुंची और 10.20 बजे रवाना हुई। केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू फिरोजपुर रेलवे स्टेशन से ही ट्रेन में सवार रहे। जबकि बठिंडा से भाजपा के प्रांतीय महासचिव दियाल सोढ़ी, जिला प्रधान सरूप चंद सिंगला, राष्ट्रीय काउंसिल सदस्य एडवोकेट मोहन लाल गर्ग, जिला सचिव आशुतोष तिवाड़ी सहित कई नेताओं ने केंद्रीय मंत्री बिट्टू के साथ धूरी स्टेशन तक का सफर किया। भाजपा के जिला प्रधान सरूप चंद सिंगला, प्रदेश महासचिव दियाल सोढ़ी, भाजपा के राष्ट्रीय काउंसिल सदस्य एवं जेडआरयूसीसी के पूर्व सदस्य एडवोकेट मोहन लाल गर्ग ने कहा कि यह कारोबारियों के लिए बहुत बड़ी सौगात है।
तख्त श्री दमदमा साहिब रेल लिंक की घोषणा भी जल्द:
बिट्टू
बिट्टू ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अगुआई में केंद्र सरकार पंजाब के लिए बहुत कुछ कर रही है और करने जा रही है। पंजाब डबल इंजन की सरकार से वंचित है। यहां डबल इंजन की सरकार बनाने के लिए पहले भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रास्ते में रुकावटें डाली गईं लेकिन इसके बावजूद पंजाब को बहुत कुछ दिया जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी प्रदेश के विधानसभा चुनाव से पहले पंजाब को और बहुत कुछ देने जा रहे हैं। शीघ्र तख्त श्री दमदमा साहिब को भी रेल लिंक से जोड़ने के लिए घोषणा करने वाले हैं। इसी तरह बठिंडा को चंडीगढ़ रेल लिंक के साथ जोड़ा जा रहा है।