फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Chandigarh News: ड्डूमाजरा डंपिंग ग्राउंड पर वन महोत्सव, पहले दिन लगाए गए 6 हजार पौधे

विज्ञापन
विज्ञापन
चंडीगढ़। कभी कूड़े के पहाड़ के लिए चर्चित रहे ड्डूमाजरा डंपिंग ग्राउंड पर शुक्रवार को वन महोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पंजाब के राज्यपाल एवं यूटी प्रशासक गुलाब चंद कटारिया ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। उनके साथ मेयर, नगर निगम और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। स्कूली बच्चों, नगर निगम, वन विभाग और केंद्रीय अप्रत्यक्ष कर एवं सीमा शुल्क (सीबीआईसी) के अधिकारियों-कर्मचारियों ने भी पौधारोपण अभियान में भाग लिया। डंपिंग ग्राउंड पर कुल 13 हजार पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है, जिनमें पहले दिन 6 हजार पौधे लगाए गए।
विज्ञापन

रातभर और सुबह हुई बारिश के कारण कार्यक्रम स्थल पर चारों ओर कीचड़ था। मेयर और गृह सचिव को भी स्वागत के लिए कीचड़ से होकर गुजरना पड़ा, जबकि राज्यपाल कटारिया को कार्यक्रम स्थल तक गोल्फ कार्ट से लाया गया। उन्होंने रास्ते में मौजूद लोगों का अभिवादन भी स्वीकार किया।
अपने संबोधन में राज्यपाल ने कहा कि ड्डूमाजरा डंपिंग ग्राउंड को हरित क्षेत्र में विकसित करने की योजना वैज्ञानिक अध्ययन के आधार पर तैयार की गई है। यहां लगाए जाने वाले पौधों का चयन भी वैज्ञानिक सर्वे के बाद किया गया है, ताकि भविष्य में यह क्षेत्र घने वन का रूप ले सके। उन्होंने कहा कि वृक्ष पर्यावरण संरक्षण के साथ जीवन के लिए भी बेहद महत्वपूर्ण हैं और सभी से अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनकी देखभाल करने की अपील की। इसके बाद उन्होंने पौधारोपण कर अभियान की शुरुआत की। कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में बांस सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए। पौधारोपण के बाद राज्यपाल ने नगर निगम के नए वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
विज्ञापन

हालांकि लगातार बारिश के कारण आयोजन स्थल पर कीचड़ और पंडाल में मक्खियों की समस्या रही। डंपिंग ग्राउंड की ओर से लीचेट का रिसाव भी दिखाई दिया, जो आसपास की ओर बहता नजर आया। स्थानीय लोगों ने मांग की कि हरित विकास और बायो-माइनिंग के साथ लीचेट के स्थायी प्रबंधन पर भी समान रूप से ध्यान दिया जाए, ताकि पर्यावरण और आसपास के रिहायशी क्षेत्रों को प्रदूषण से राहत मिल सके।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें