चंडीगढ़ के पड़ोसी राज्य पंजाब में 18 वर्ष से ऊपर के लोगों को वैक्सीन लगनी शुरू हो गई है, लेकिन चंडीगढ़ में वैक्सीन की कमी की वजह से युवा इंतजार में बैठे हैं। शहर के युवा मोहाली और जीरकपुर में रजिस्ट्रेशन करवा कर वैक्सीन लगवा रहे हैं।
प्रशासनिक सूत्रों ने बताया कि शहर में 15 मई के बाद 18 वर्ष से ऊपर के लोगों को वैक्सीन लगाने का कार्यक्रम शुरू हो सकता है। प्रशासन ने सीरम इंस्टीट्यूट को एक लाख वैक्सीन का ऑर्डर दिया था, लेकिन कंपनी ने फिलहाल एक लाख वैक्सीन देने में असमर्थता जाहिर की है। हालांकि, प्रशासन को जितनी भी वैक्सीन मिलेगी, उससे 18 वर्ष से ऊपर के लोगों को टीका लगाने का अभियान शुरू कर दिया जाएगा।
एक लाख वैक्सीन का ऑर्डर दिया गया है। वैक्सीन के लिए कंपनी के पास पैसा भी जमा कर दिया गया है। कंपनी 25 हजार वैक्सीन भेज रही है, जिसके जल्द ही चंडीगढ़ पहुंचने की उम्मीद है। -मनोज परिदा, सलाहकार, यूटी प्रशासक