चंडीगढ़। चंडीगढ़ और बिहार के बीच शनिवार को संपन्न हुए कर्नल सीके नायडू ट्रॉफी मैच के साथ ही यूटी क्रिकेट एसोसिएशन (यूटीसीए) द्वारा मैचों की मेजबानी का सिलसिला इस क्रिकेट सीजन में खत्म हो गया। फरवरी के अंत तक शेष रणजी ट्राफी और अन्य टूर्नामेंटों के लिए चंडीगढ़ अब बाहरी स्थलों पर खेलेगा। अगस्त में यूटी क्रिकेट एसोसिएशन को मान्यता मिलने के बाद बहुत कम समय में बीसीसीआई द्वारा सौंपी गई मेजबानियों को यूटीसीए ने बखूबी निभाया। अगले सीजन यूटीसीए सात क्रिकेट ग्राउंड तैयार करने की योजना बना रहा है।
11 अक्तूबर, 2019 को अंडर-16 विजय मर्चेंट ट्रॉफी मैच के लिए सबसे पहले चंडीगढ़ और दिल्ली के मुकाबले को सेक्टर 16 स्थित क्रिकेट स्टेडियम में बेहतरीन ढंग से करवाया गया। यूटीसीए के अपने तीन वैन्यू-सेक्टर 16 स्थित क्रिकेट स्टेडियम, सेक्टर 26 स्थित जीएमएमएस स्कूल और आईटी पार्क स्थित महाजन क्रिकेट ग्राउंड (एमसीजी) में कुल 48 मैचों की मेजबानी शामिल रही। इसमें प्लेट ग्रुप की टीमों मिजोरम, पुडुचेरी, सिक्किम, बिहार और अरुणाचल प्रदेश के साथ खेले गए रणजी ट्रॉफी के पांच मैच, अंडर 23 कर्नल सीके नायडू ट्रॉफी के पांच मैच, अंडर 19 कूच बिहार ट्रॉफी के सात मैच, अंडर 16 विजय मर्चेंट ट्रॉफी के तीन मैच और सैयद मुश्ताक अली के 28 मैच शामिल थे।
इसी सीजन में बीसीआईआई ने भी रणजी मैच के लिए अपना डेब्यू वेन्यू में महाजन क्रिकेट ग्राउंड पर भरोसा जताया, जिस पर यूटीसीए खरा उतरा। मैच खेलने आई अन्य राज्यों की टीमों के खिलाड़ी और मैच अधिकारियों ने ग्राउंड्स को बखूबी सराहा है।
बॉक्स
बीसीसीआई की उम्मीदों पर खरे उतरे : टंडन
इस सीजन की सफलतापूर्वक मेजबानी पर हर्ष व्यक्त करते यूटीसीए के अध्यक्ष संजय टंडन ने बताया कि बहुत कम समय में यह मेजबानी कर हम बीसीसीआई की उम्मीदों पर खरे उतरे हैं। अगले सीजन में हम सात ग्राउंड तैयार कर मैचों के आयोजन के लिए बीसीसीआई को व्यापक विकल्प प्रदान करेंगे। यह ग्राउंड मल्टीपर्पस होंगे जिनमें कैंप, ट्रायल्स, प्रेक्टिस, कैंप आदि आयोजित हो सकेंगे। यूटी प्रशासन इस दिशा में काफी सहयोगी है।