चंडीगढ़। पुलिस ने सेक्टर 52 कजेहड़ी के दो युवकों को मोटरसाइकिल पर फर्जी नंबर लगा कर घूमते काबू किया है। इनकी पहचान सौरभ (19) और सोनू (20) के रूप में हुई है। इनके कब्जे से 13 मोबाइल फोन और चोरी के छह वाहन बरामद किए हैं। इनमें से पांच मोबाइल फोन सेक्टर-36 थाना क्षेत्र के अंतर्गत चुराए गए थे। बाकी सात मोबाइल फोन की जानकारी जुटाई जा रही है। वहीं, दो वाहन सेक्टर 36 थाना क्षेत्र से चोरी हुए थे जबकि चार की जानकारी जुटाई जा रही है।पुलिस के मुताबिक गिरफ्तारी के दौरान आरोपी जिस मोटरसाइकिल पर थे, उस पर पंजाब की फर्जी नंबर प्लेट लगी हुई थी। इसका असली नंबर यूपी का था। उनके खिलाफ सेक्टर 36 थाने में आईपीसी की धारा 473 और 411 के तहत मामला दर्ज हुआ है। इनकी गिरफ्तारी बीते 17 नवंबर को की गई थी। वहीं, जो मोटरसाइकिल इनसे बरामद हुआ, उसके बारे में 27 मार्च को सेक्टर 36 थाने में चोरी का मामला दर्ज हुआ था। सेक्टर 36 थाना पुलिस ने इनकी गिरफ्तारी से दो झपटमारी और दो वाहन चोरी के मामले सुलझाए हैं। इनमें एक वारदात में दो मोबाइल फोन झपटे गए थे। दूसरी घटना में एक मोबाइल और एक हजार रुपये नकदी व दस्तावेज झपटे गए थे। वहीं दो मोटरसाइकिल चोरी के मामले मार्च और सितंबर महीने में दर्ज हुए थे।
नशे की लत ने बनाया अपराधी
पूछताछ में दोनों ने कबूला कि उन्होंने ट्राइसिटी में झपटमारी और चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस का कहना है कि दोनों आरोपी नशे के आदी हैं और नशे की लत पूरा करने के लिए चोरी और झपटमारी की वारदात को सुबह तड़के अंजाम देते थे। आरोपी सौरभ आठवीं पास है और मोहाली 3बी2 में एक फास्ट फूड दुकान पर काम करता था। सोनू अनपढ़ है और वह 3बी2 की एक दुकान में सफाईकर्मी था। इनका पुलिस रिमांड लेकर चोरी की वारदात की जानकारी जुटाई जा रही है।