उन्होंने कहा कि पाकिस्तान हमारा दुश्मन देश है। ड्रोन, हथियार व ड्रग्स की सप्लाई चेन तोड़ने के लिए केंद्र सरकार पूरी तन्मयता से काम कर रही है। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान और राज्यपाल बनवारी लाल पुरोहित के बीच पीयू के वीसी की तैनानी को लेकर चल रही खींचतान पर केंद्रीय राज्यमंत्री मौन हो गए और सिर्फ इतना ही बोले कि दोनों ही माननीय पदों पर सुशोभित हैं। उन्होंने बड़े ही नपे-तुले शब्दों में कहा कि इस मामले को कानून के दायरे अनुसार ही चलने दिया जाना चाहिए।
सुंदर शाम अरोड़ा की गिरफ्तारी पर उन्होंने स्पष्ट तौर पर कहा कि वह भाजपा के एक सदस्य हैं। उनके पास कोई पद (ओहदा) नहीं है। इस मामले में पार्टी हाईकमान अपना निर्णय लेगी लेकिन एक बात तो साफ है कि भाजपा में किसी भी तरह का भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पंजाब विजिलेंस ने अच्छा काम किया है।
कपूरथला में मेडिकल कॉलेज निर्माण में लेटलतीफी का ठीकरा केंद्रीय राज्यमंत्री सोम प्रकाश ने पंजाब सरकार के सिर पर फोड़ा। उन्होंने कहा कि होशियारपुर व कपूरथला में मेडिकल कॉलेज निर्माण की मांग रखी थी। केंद्र सरकार अपने हिस्से की पहली किस्त भेज चुकी है। मगर पंजाब सरकार अपने हिस्से की मैचिंग मनी नहीं दे रही है। उन्होंने इस मामले में पंजाब सरकार की लापरवाही न मानते हुए बस इतना ही कहा कि पंजाब सरकार को इस मामले में जल्द पहलकदमी करनी चाहिए।