मोहाली। गांव दाऊं के पास तेज रफ्तार कार ने स्कूटी को टक्कर मार दी। हादसे में घायल युवती को इलाज के लिए पीजीआई में भर्ती करवाया। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतका के भाई की शिकायत पर बलौंगी थाना पुलिस ने अज्ञात कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस को दी शिकायत में मृतका के भाई साहिल हाल वासी खरड़ ने बताया कि आठ जुलाई सुबह करीब साढ़े नौ बजे उनकी बहन मोनिका (20) स्कूटी पर घर से मोहाली के लिए निकली। वह भी अपनी बाइक से मोहाली जाने के लिए निकला। वह मोनिका के पीछे चल रहा था। जब वह गांव दाऊं के पास पहुंचे तो पीछे से एक तेज रफ्तार कार आई। इसके बाद ड्राइवर ने लापरवाही के साथ गाड़ी लाकर उसकी बहन की स्कूटी में मारी। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी कार समेत मौके से फरार हो गया। टक्कर लगने के बाद मोनिका सड़क पर गिर गई। उसे काफी चोटें लगीं और स्कूटी को भी नुकसान हुआ। उसे इलाज के लिए पीजीआई भर्ती करवाया गया जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इसके बाद अज्ञात कार चालक के खिलाफ पुलिस में शिकायत दी गई।